सुशील कुमार शर्मा
मेरठ: दिनांक 25 दिसंबर 2024 को किराना घराने के प्रसिद्ध शास्त्रीय संगीतज्ञ एवं संस्थापक (सरगम मंदिर ) पंडित जगदीश मोहन की स्मृति में सरगम मंदिर मेरठ के द्वारा गांधी इंटरनेशनल स्कूल के सभागार में शास्त्रीय संगीत सभा का आयोजन किया गया, जिसमें दिल्ली से पधारे प्रसिद्ध कलाकारों ने अपनी कला को प्रदर्शित किया. कार्यक्रम का शुभारंभ विशिष्ट अतिथि डॉ॰ अंशु जिंदल एवं डॉ॰ सुनंदा मुकेश के द्वारा मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर एवं पुष्पांजलि अर्पण के साथ किया गया.
कार्यक्रम के शुभारंभ में कुमारी ईशा जिंदल ने राग यमन में निबद्ध-जगमग जग दीप जले बंदिश में किया. आपकी प्रस्तुति बहुत ही सुंदर रही. तत्पश्चात दिल्ली से आए श्री वेदांश मोहन ने अपने गायन का आरंभ राग गोरख कल्याण से किया जिसमें आपने विलंबित एवं द्रुत रचना प्रस्तुत की. आलाप प्रधान सुंदर गायकी और तानों की तैयारी अप्रतिम रही. तबले पर आपके साथ पंडित प्रदीप सरकार और हारमोनियम पर श्री कृष्ण भारद्वाज ने मनोहारी संगत की. आपने श्रोताओं को मन्त्रमुग्ध कर दिया. वेदांश के पश्चात मंच संभाला श्री शुभम सरकार ने, आपने राग जों में मध्यम एवं द्रुत बंदिश प्रस्तुत कर श्रोताओं का मन मोह लिया. आपके साथ तबले पर पंडित प्रदीप सरकार ने चमत्कृत कर दिया गायन एवं वायलिन की जुगलबंदी ने समा बाँध दिया.

कार्यक्रम में श्री सृजॉय बैनर्जी, श्री अनूप सिंह, श्री राजीव शर्मा, श्री कुमुद पाण्डेय, डॉ॰ संतोष शर्मा, डॉ शैल शर्मा, श्रीमती नीरा, श्री विक्रांत जैसे कई प्रसिद्ध संगीतज्ञ एवं संगीत प्रेमी उपस्थित रहे. कार्यक्रम का संचालन दीपक शर्मा जी ने किया एवं संयोजन डॉ॰ रागिनी प्रताप, डॉ॰ दीपक शर्मा एवं डॉ॰ सुनन्दा मुकेश द्वारा किया गया.