उत्तर प्रदेश: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ प्रमुख मोहन भागवत मथुरा के तीन दिवसीय दौरे पर हैं. शुक्रवार को उनके दौरे का दूसरा दिन है. वे परखम स्थित पं. दीनदयाल उपाध्याय गो विज्ञान अनुसंधान एवं प्रशिक्षण केंद्र में हो रहे कार्यक्रम में शामिल हैं. शुक्रवार को संघ प्रमुख पश्चिम प्रांत के 251 शिक्षार्थियों से विभिन्न विषयों पर संवाद करेंगे. इस कार्यक्रम के बाद वे शाखा कार्यक्रम में जाएंगे. शुक्रवार को संघ प्रमुख मोहन भागवत तीन विषयों कुटुंब प्रबोधन, पर्यावरण और सामाजिक समरसता पर चर्चा करेंगे.
सरसंघचालक मोहन भागवत गुरुवार को तीन दिवसीय प्रवास पर मथुरा पहुंचे हैं. वे फरह क्षेत्र के परखम में स्थित पंडित दीनदयाल गो विज्ञान अनुसंधान एवं प्रशिक्षण केंद्र में पश्चिमी प्रांत के कार्यकर्ता विकास वर्ग के प्रथम कार्यक्रम में पहुंचे हैं. वे करीब 251 शिक्षार्थियों से संवाद कर रहे हैं. शुक्रवार को मोहन भागवत पांच परिवर्तन विषय पर संवाद करेंगे.
इनमें कुटुंब प्रबोधन, सामाजिक समरसता, पर्यावरण संरक्षण, स्वदेशी और नागरिक कर्तव्यों का पालन विषय शामिल है. ब्रज क्षेत्र में पश्चिमी प्रांत के शिक्षार्थियों के लिए प्रतिवर्ष मई-जून में कार्यक्रम आयोजित होता है. इस कार्यक्रम में देश की दशा और दिशा के साथ मौजूदा मुद्दों पर चर्चा की जाती है. यह कार्यक्रम 28 मई से चल रहा है और 18 जून तक चलेगा. संघ प्रमुख का 14 जून को प्रवास खत्म होगा और वे दिल्ली के लिए रवाना होंगे.
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वार्षिक कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं. सुरक्षा एजेंसियों के साथ ही स्थानीय पुलिस और प्रशासन अलर्ट है. बाहरी व्यक्तियों के आने पर रोक लगाई गई है. कार्यक्रम में सिर्फ राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पदाधिकारी और कार्यकर्ता ही प्रवेश कर पा रहे हैं. कार्यक्रम को लेकर मीडिया से भी दूरी बनाई गई है.

