उत्तर प्रदेश रायबरेली पहुंचे राहुल गांधी, डिग्री कॉलेज के नवनिर्मित चौराहे का किया लोकार्पण, शहीदों को किया नमन
उत्तर प्रदेश

रायबरेली पहुंचे राहुल गांधी, डिग्री कॉलेज के नवनिर्मित चौराहे का किया लोकार्पण, शहीदों को किया नमन

उत्तर प्रदेश: सांसद राहुल गांधी आज जिले के एक दिवसीय दौरे पर हैं. उन्होंने कई विकास योजनाओं का शिलान्यास किया. शहीद स्मारक पर जाकर शहीदों को नमन किया. कलक्ट्रेट परिसर में सलामी लेने के बाद उन्होंने डिग्री कॉलेज के नवनिर्मित चौराहे का लोकार्पण किया. अब वह कलेक्ट्रेट परिसर में योजनाओं की प्रगति की समीक्षा के लिए आयोजित जिला विकास एवं समन्वय अनुश्रवण समिति (दिशा) की बैठक में हिस्सा ले रहे हैं.

पुलिस की ओर से बैरिकेडिंग लगाकर रोके जाने से कांग्रेसियों ने नाराजगी जताई. डिग्री कॉलेज चौराहे के पास काफी कार्यकर्ता राहुल गांधी से मिलने के लिए पहुंच गए. इस दौरान पुलिस ने उन्हें रोक दिया. इस पर उन्होंने नाराजगी जताई. राहुल गांधी ने 10.45 बजे शहर के डिग्री कॉलेज चौराहे के अलावा झलकारी बाई चौराहा और सदर कोतवाली के पास स्थित रमणीय चौराह का भी लोकार्पण किया. पीएमजीएसवाई के तहत बनने वाली कई सड़कों का भी शिलान्यास किया.

राहुल गांधी के साथ अमेठी के सांसद केएल शर्मा भी मौजूद हैं. राहुल गांधी कलक्ट्रेट में दिशा की बैठक में हिस्सा ले रहे हैं. बैठक में राज्य मंत्री दिनेश प्रताप सिंह, सदर विधायक अदिति सिंह सहित अन्य विधायक व जनप्रतिनिधि मौजूद हैं. यहां स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क, बिजली और ग्रामीण विकास से जुड़ी योजनाओं की स्थिति पर चर्चा हो रही है. दोपहर 2.50 पर सांसद शहर से रवाना हो जाएंगे. जिलाधिकारी हर्षिता माथुर ने बताया कि करीब सवा 2 घंटे तक बैठक चलेगी.

कार्यक्रम में स्थानीय एमएलसी, विधायक, जिला पंचायत सदस्य सहित 38 जनप्रतिनिधियों के साथ तमाम अधिकारी भी मौजूद रहे. दिशा की बैठक हर तीन महीने में सांसद की अध्यक्षता में होने का प्रावधान है. जिला स्तर पर दिशा का सभापति वहां का सांसद होता है और इस समिति में विधायकों, एमएलसी और ब्लॉक प्रमुखों को सदस्य के रूप में शामिल किया जाता है.

पिछली दिशा की बैठक 28 अगस्त 2022 को हुई थी. इसकी अध्यक्षता अमेठी की पूर्व सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने की थी. नई सरकार बनने के बाद अब राहुल गांधी को रायबरेली दिशा का सभापति बनाया गया है, जबकि अमेठी में वे विशेष आमंत्रित सदस्य के रूप में दिशा से जुड़े रहेंगे. राहुल गांधी पहली बार दिशा की बैठक में हिस्सा लेने जा रहे हैं.

शहर में यातायात और नगर पालिका की सेवाओं को सुचारू बनाने के लिए नगर पालिका कार्यालय को रिसोर्ट सेंटर बिल्डिंग में शिफ्ट करने की तैयारी है. लगभग 12 करोड़ की लागत से बने इस नए कार्यालय से सुपर मार्केट में लगने वाले जाम से राहत मिलने की उम्मीद है. इससे स्थानीय नागरिकों को भी सहूलियत मिलेगी.

Exit mobile version