उत्तर प्रदेश: वाराणसी संसदीय सीट पर नामांकन दाखिल करने के एक हफ्ते बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज फिर अपने चुनाव क्षेत्र में पहुंचेंगे. प्रधानमंत्री मोदी इन दिनों देश के विभिन्न हिस्सों में चुनावी सभाएं करने में जुटे हुए हैं मगर प्रधानमंत्री मोदी का आज का कार्यक्रम बिल्कुल अलग किस्म का है. प्रधानमंत्री मोदी आज अपने संसदीय क्षेत्र में सिर्फ महिलाओं से संवाद करेंगे. पीएम मोदी बिहार के पूर्वी चंपारण,महाराजगंज और उत्तर प्रदेश के प्रयागराज मे चुनावी सभाएं करने के बाद वाराणसी पहुंचेंगे.
वाराणसी के संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में आयोजित होने वाले इस महिला संवाद कार्यक्रम में करीब 25 हजार महिलाएं हिस्सा लेंगी. प्रधानमंत्री मोदी के इस कार्यक्रम को नारी शक्ति संवाद नाम दिया गया है और इसे सफल बनाने की जिम्मेदारी प्रदेश भाजपा महिला मोर्चा ने संभाल रखी है. आयोजन को सफल बनाने के लिए पिछले कई दिनों से लगातार बैठकों का सिलसिला चल रहा है. कार्यक्रम की तैयारियों पर भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री सुनील बंसल लगातार नजर बनाए हुए हैं.
प्रधानमंत्री श्री @narendramodi के 21 मई, 2024 को बिहार एवं उत्तर प्रदेश में सार्वजनिक कार्यक्रम।
लाइव देखें:
📺https://t.co/OaPd6HQTAv
📺https://t.co/vpP0MInUi4
📺https://t.co/lcXkSnNPDn
📺https://t.co/4XQ2GzqK1N pic.twitter.com/K3i7uXZYjg— BJP (@BJP4India) May 20, 2024
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज फिर अपने संसदीय क्षेत्र काशी पहुंचने वाले हैं प्रधानमंत्री का यह दो दिवसीय दौरा होगा. पीएम मोदी आज शाम लगभग साढ़े चार बजे हेलीकॉप्टर से पुलिस लाइन पहुंचेंगे. प्रधानमंत्री का स्वागत करने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी पुलिस लाइन में मौजूद रहेंगे.
इसके बाद दोनों नेता सीधे संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय पहुंचेंगे जहां नारी शक्ति संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया है. इस कार्यक्रम में 25 हजार महिलाओं को जुटाने की तैयारी है. महिलाओं से संवाद करने के बाद प्रधानमंत्री बरेका गेस्ट हाउस पहुंचकर रात्रि विश्राम करेंगे और अगले दिन 11 बजे यहां से से रवाना हो जाएंगे.

