उत्तर प्रदेश गाजियाबाद के पार्श्वनाथ मजेस्टिक सोसाइटी के फ्लैट में लगी भीषण आग, मची अफरा-तफरी
उत्तर प्रदेश

गाजियाबाद के पार्श्वनाथ मजेस्टिक सोसाइटी के फ्लैट में लगी भीषण आग, मची अफरा-तफरी

गाजियाबाद: इंदिरापुरम थाना क्षेत्र के वैभव खंड स्थित पार्श्वनाथ मजेस्टिक आवासीय परिसर में बुधवार दोपहर एक फ्लैट में भीषण आग लग गई. धुआं और आग की लपटें देख सोसाइटी में अफरा-तफरी मच गई. सूचना मिलते ही वैशाली फायर स्टेशन से दमकल की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने की कार्रवाई शुरू की. राहत की बात रही कि घटना के समय फ्लैट के अंदर कोई मौजूद नहीं था. ऐसे में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई.

मिली जानकारी के मुताबिक, 16 सितंबर 2026 को दोपहर करीब 1:32 बजे वैशाली फायर स्टेशन को पार्श्वनाथ मजेस्टिक सोसाइटी में आग लगने की सूचना मिली थी. सूचना मिलते ही दमकल विभाग ने दो फायर टेंडर और एक वाटर बाउजर को मौके के लिए रवाना किया. कुछ ही देर में मुख्य अग्निशमन अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंच गए और राहत एवं बचाव कार्य की कमान संभाली.

दमकल विभाग के मुताबिक, आग सोसाइटी के डी ब्लॉक की तीसरी मंजिल पर स्थित फ्लैट नंबर 304 में लगी थी. दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और तीसरी मंजिल तक हौज लाइन पहुंचाई. इसके बाद टीम ने सुरक्षा के साथ फ्लैट में प्रवेश कर आग बुझाने की कार्रवाई शुरू की. आग फ्लैट के अंदर तेजी से फैल रही थी. दमकल कर्मियों ने पानी की बौछार कर आग पर काबू पाया और यह सुनिश्चित किया कि लपटें लिफ्ट के आसपास या दूसरे फ्लैटों तक न पहुंचें. लगातार प्रयास के बाद आग को नियंत्रित कर पूरी तरह बुझा दिया गया. दमकल की तत्परता से आग को सोसाइटी के दूसरे हिस्सों में फैलने से भी रोक लिया गया.

मुख्य अग्निशमन अधिकारी राहुल पाल के मुताबिक, आग लगने के समय फ्लैट के अंदर कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था. सोसाइटी में मौजूद लोगों को भी समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया था. फ्लैट की मालिक अनीता खेत्रपाल मौके पर मौजूद थीं. उन्होंने बताया कि घटना में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई है और आग को पूरी तरह बुझा दिया गया है. फिलहाल दमकल विभाग आग लगने के कारणों की जांच कर रहा है.

Exit mobile version