उत्तर प्रदेश गाजियाबाद के क्रॉसिंग रिपब्लिक में भीषण आग: 100 दुकानें खाक, अपार्टमेंट तक पहुंची लपटें
उत्तर प्रदेश

गाजियाबाद के क्रॉसिंग रिपब्लिक में भीषण आग: 100 दुकानें खाक, अपार्टमेंट तक पहुंची लपटें

गाजियाबाद: बढ़ते तापमान के साथ आग लगने की घटनाओं में इजाफा देखने को मिल रहा है. इसी क्रम में थाना क्रॉसिंग रिपब्लिक क्षेत्र के गोल मार्केट में स्थित करीब 100 से अधिक दुकानों में भीषण आग लग गई. प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है. इस हादसे में दुकानों में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर खाक हो गया.

गनीमत रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई. सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया.

हालांकि, बाजार में लगी आग की चिंगारियां पास स्थित एक हाईराइज अपार्टमेंट तक पहुंच गईं, जिससे इमारत के 18वें फ्लोर पर स्थित एक फ्लैट में भी आग लग गई. वहां भी लाखों रुपये का सामान जलकर नष्ट हो गया। दमकल विभाग की तत्परता के चलते आग को समय रहते नियंत्रित कर लिया गया और किसी प्रकार की जानमाल की हानि नहीं हुई.

स्थानीय निवासियों ने बिल्डर पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उनसे भारी-भरकम शुल्क लिया जाता है, लेकिन सुरक्षा और अग्निशमन जैसी मूलभूत सुविधाओं का अभाव है। घटना के दौरान आग पर काबू पाने के लिए पर्याप्त इंतजाम नजर नहीं आए. प्रशासन द्वारा मामले की जांच की जा रही है और आग लगने के सटीक कारणों का पता लगाया जा रहा है.

Exit mobile version