उत्तर प्रदेश: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को जौनपुर दौरे पर रहे. इस दौरान सीएम योगी सामूहिक विवाह समारोह में शामिल हुए और नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया. इस दौरान जनपद स्तरीय विकास कार्यों की विभागीय प्रदर्शनी का निरीक्षण भी किया.
जौनपुर महोत्सव के प्रतिभागी कलाकारों के सम्मान व मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत 1,001 जोड़ों के विवाह हेतु जौनपुर में आयोजित कार्यक्रम में… https://t.co/WLYjbvYHci
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) March 12, 2025
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सामूहिक विवाह समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि 1,001 जोड़ों का विवाह सरकारी योजना के तहत कराया गया है. उन्होंने कहा, कोई बेटी अविवाहित न रह जाए इसके लिए बेटी का कन्यादान सरकार ने करने का फैसला लिया है, बेटी के परिवार के साथ संबल बनकर खड़े रहेंगे.
इसके साथ ही योगी ने कहा, प्रदेश सरकार ने 1.86 करोड़ लाभार्थियों को उज्ज्वला योजना के तहत गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया है. उन्होंने आगे कहा, डबल इंजन की सरकार बिना किसी भेदभाव के हर गरीब, किसान, युवा और महिला को सरकारी योजनाओं का लाभ दे रही है. चाहे ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ योजना हो या सामूहिक विवाह योजना, सरकार हर कदम पर जनता के साथ खड़ी है.
मुख्यमंत्री ने सामूहिक विवाह योजना में शादी करने वाले नवविवाहित जोड़ों पर फूल बरसाकर उन्हें शुभकामनाएं दीं और उनके सुखद भविष्य की कामना की. बता दें कि ऐतिहासिक तीन दिवसीय जौनपुर महोत्सव का आगाज 10 मार्च को रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ हुआ था.

