उत्तर प्रदेश

गाजियाबाद में कई चौराहे सिग्नल फ्री और कई सड़कें होंगी वन वे, नगर निगम और ट्रैफिक पुलिस ने शुरू किया सर्वे

गाजियाबाद: तेजी से बढ़ती आबादी और वाहनों की संख्या के कारण ट्रैफिक जाम की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है. कई क्षेत्र ऐसे हैं जहां लोगों को जाम की समस्या से जूझना पड़ता है. जाम के चलते न सिर्फ वक्त बल्कि ईंधन की भी बर्बादी होती है. शहर को इस बड़ी समस्या से निजात दिलाने के लिए ट्रैफिक पुलिस और नगर निगम द्वारा संयुक्त रूप से सर्वे किया जा रहा है. सर्वे का मुख्य उद्देश्य शहर के ऐसे तमाम क्षेत्रों को चिह्नित करना है जहां ट्रैफिक जाम की स्थिति ज्यादा गंभीर रहती है.

मिली जानकारी के मुताबिक, सर्वे के दौरान प्रमुख चौराहों, बाजारों, स्कूल कॉलेजों के आसपास और व्यस्त मार्गों का विशेष रूप से अध्ययन किया जा रहा है. सर्वे के आधार पर ट्रैफिक सुधार के लिए ट्रैफिक पुलिस की ओर से ठोस योजना तैयार की जाएगी. इतना ही नहीं, शहर के कई प्रमुख चौराहों को सिग्नल फ्री बनाने की दिशा में काम किया जा रहा है. सर्वे के दौरान ऐसे चौराहों और तिराहों को चिह्नित किया जा रहा है, जहां सिग्नल की वजह से वाहनों की लंबी कतार लगती है. सर्वे के दौरान नए यूटर्न बनाने की संभावनाओं पर भी विचार किया जा रहा है.

जाम की समस्या को कम करने के लिए कई मार्गों को वन वे करने पर भी विचार किया जा रहा है. ट्रैफिक पुलिस का मानना है की संकरी और भीड़भाड़ वाली सड़कों पर वन वे सिस्टम लागू करने से ट्रैफिक का दबाव कम किया जा सकता है, जिससे जाम की स्थिति में काफी सुधार होने की संभावना है. सर्वे के दौरान जनप्रतिनिधियों और आम लोगों की राय को भी शामिल किया जा रहा है. स्थानीय निवासियों, व्यापारियों से भी बातचीत कर उनकी समस्याओं और सुझावों को समझा जा रहा है.

गाजियाबाद ट्रैफिक पुलिस और नगर निगम की ओर से शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को आधुनिक और व्यवस्थित बनाने के लिए यह एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है. सर्वे के आधार पर तैयार रिपोर्ट को उच्च अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा. इसके बाद चरणबद्ध तरीके से कार्य शुरू होगा. अधिकारियों का दावा है कि सर्वे को 15 अप्रैल तक पूरा कर लिया जाएगा. ट्रैफिक व्यवस्था के सुधार के लिए जरूरी कदम उठाए जाएंगे. उम्मीद है की नगर निगम और ट्रैफिक पुलिस की इस संयुक्त पहल से गाजियाबाद के लोगों को जाम से राहत मिलेगी और शहर की यातायात व्यवस्था में सकारात्मक बदलाव देखने को मिलेगा.

गाजियाबाद ट्रैफिक पुलिस और नगर निगम द्वारा चल रहे सर्वे को लेकर डीसीपी ट्रैफिक त्रिगुण बिसेन ने बताया कि “गाजियाबाद की ट्रैफिक व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं. ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए ट्रैफिक पुलिस और नगर निगम द्वारा शहर का संयुक्त रूप से सर्वे किया जा रहा है. शहर के कई तिराहों और चौराहों को सिग्नल फ्री किया जाएगा. कई सड़कों को वनवे करने पर भी विचार किया जा रहा है. सर्वे पूर्ण होने के बाद योजना तैयार की जाएगी. इस दौरान जनप्रतिनिधियों और आम लोगों से भी बातचीत की जा रही है.”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *