उत्तर प्रदेश: जनपद गौतम बुद्ध नगर को स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक बड़ी सौगात मिली है. ग्रेटर नोएडा में आधुनिक सुविधाओं से लैस KDSG सुपरस्पेशलिटी हॉस्पिटल का भव्य उद्घाटन उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा किया गया. इस अवसर पर पूर्व भारतीय क्रिकेटर कपिल देव, सांसद डॉ. महेश शर्मा सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे.
इस नए सुपरस्पेशलिटी अस्पताल के शुरू होने से न केवल ग्रेटर नोएडा बल्कि पूरे एनसीआर और आसपास के जिलों के लाखों लोगों को बेहतर और आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं मिलने की उम्मीद जगी है. उद्घाटन समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार स्वास्थ्य क्षेत्र को मजबूत बनाने के लिए निरंतर काम कर रही है और इसमें निजी क्षेत्र की भागीदारी बेहद महत्वपूर्ण है.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में कहा कि उत्तर प्रदेश देश का सबसे अधिक आबादी वाला राज्य है, इसलिए यहां स्वास्थ्य सेवाओं का मजबूत और आधुनिक होना बेहद आवश्यक है. उन्होंने कहा कि सरकार लगातार स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के लिए प्रयास कर रही है और नए अस्पतालों, मेडिकल कॉलेजों और आधुनिक चिकित्सा संस्थानों की स्थापना की जा रही है.
मुख्यमंत्री ने कहा कि KDSG सुपरस्पेशलिटी हॉस्पिटल जैसे संस्थान प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने अस्पताल के फाउंडर और टीम को बधाई देते हुए कहा कि इस तरह के अत्याधुनिक अस्पतालों से मरीजों को बड़े शहरों की तरह ही इलाज की सुविधा स्थानीय स्तर पर मिल सकेगी.
इस कार्यक्रम की खास बात यह रही कि भारत के महान क्रिकेटरों में से एक कपिल देव भी समारोह में मौजूद रहे. अस्पताल से जुड़े होने के कारण उन्होंने इस परियोजना को लेकर अपनी खुशी जाहिर की. अस्पताल के फाउंडर सुनील गुप्ता ने बताया कि अस्पताल में कई सुपरस्पेशलिटी चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराई गई हैं. यहां अत्याधुनिक मशीनों और विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम के माध्यम से मरीजों को उच्चस्तरीय इलाज उपलब्ध कराया जाएगा. उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य है कि मरीजों को बेहतर इलाज के लिए दिल्ली या अन्य बड़े शहरों का रुख न करना पड़े और उन्हें अपने ही शहर में विश्वस्तरीय चिकित्सा सुविधाएं मिल सकें.
अस्पताल के उद्घाटन से पहले विधि-विधान के साथ हवन-पूजन किया गया। इस दौरान अस्पताल प्रबंधन, अतिथियों और स्थानीय लोगों ने मिलकर पूजा-अर्चना की और अस्पताल की सफल संचालन की कामना की. कार्यक्रम का माहौल उत्साहपूर्ण और सकारात्मक रहा. बड़ी संख्या में लोग इस ऐतिहासिक मौके के साक्षी बने और सभी ने अस्पताल की शुरुआत को क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया.

