उत्तर प्रदेश: होली का त्योहार इस बार सरकारी कर्मचारियों के लिए खास तोहफे के साथ आएगा. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने होली से पहले सभी कर्मचारियों को वेतन उपलब्ध कराने के सख्त निर्देश जारी किए हैं.
इसके बाद में मुख्यमंत्री कार्यालय से जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि 2, 3 और 4 मार्च को होली की छुट्टियां रहेंगी, जबकि शनिवार 28 फरवरी को कार्यदिवस घोषित किया गया है.मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि राज्य के सभी नियमित कर्मचारियों के साथ-साथ आउटसोर्सिंग, संविदा कर्मी, सफाईकर्मी और अन्य श्रेणियों के कर्मचारियों का फरवरी माह का वेतन होली से पूर्व यानी 28 फरवरी तक उनके खातों में हस्तांतरित कर दिया जाए. उन्होंने साफ कहा है कि इस प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी.
राज्य सरकार के प्रवक्ता ने बताया कि सरकार के आदेश में उल्लेख किया गया है कि 3 मार्च 2026 (मंगलवार) को सभी कर्मचारियों को विशेष अवकाश प्रदान किया जाएगा, जबकि होली का मुख्य अवकाश 2 मार्च (होलिका दहन), 3 मार्च को ग्रहण की वजह से रंग नहीं खेला जाएगा. 4 मार्च को रंग रहेगा. 1 मार्च रविवार होने के कारण पहले से ही साप्ताहिक अवकाश है, जिससे कर्मचारियों को लगातार चार दिन की छुट्टियां मिलेंगी.
यह व्यवस्था त्योहार की तैयारियों और परिवार के साथ समय बिताने में सहायक साबित होगी.योगी सरकार का यह फैसला प्रदेश के लगभग 8 लाख कर्मचारियों के लिए बड़ी राहत लेकर आया है। वित्त विभाग ने भी सभी जिलाधिकारियों और विभागाध्यक्षों को तत्काल अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं. इससे होली का उत्सव और अधिक रंगीन व आनंदमय बनेगा.

