गाजियाबाद: जिला प्रशासन द्वारा इंदिरापुरम थाना क्षेत्र के कनवानी कॉलोनी में अवैध रूप से संचालित मदरसे को सील किया गया है. अल्पसंख्यक कल्याण विभाग द्वारा सीलिंग की कार्रवाई की गई है. सीलिंग की कार्रवाई के दौरान कनवानी में भारी पुलिस फोर्स की तैनाती की गई थी.
सीलिंग की कार्रवाई के दौरान डीसीपी सिटी धवल जायसवाल भी मौके पर मौजूद रहे. जिला प्रशासन द्वारा लगातार अवैध रूप से संचालित हो रहे मदरसों को चिन्हित किया जा रहा है.
कैलाश चंद्र तिवारी ने आगे बताया, “मदरसा परिसर में अग्निशमन विभाग की अनुमति और विद्युत सुरक्षा विभाग की अनापत्ति भी अप्राप्त है, जिस कारण संबंधित परिसर में किसी दुर्घटना होने से इनकार नहीं किया जा सकता है. मदरसे में छात्रों के बैठने की उचित साफ सफाई नहीं है. मदरसे में अवैध रूप से हॉस्टल चलाया जा रहा है, जो सामान्य मानवीय जीवन जीने के लिए आवश्यक परिस्थितियों के अनुकूल नहीं है, जिससे बाल अधिकारों का भी हनन होने से इनकार नहीं किया जा सकता है. इन सभी कारणों से मदरसे को तत्काल सील किया गया है और मदरसा संचालक को निर्देश दिए गए हैं कि अपना पक्ष एक सप्ताह के भीतर उपलब्ध कारण अन्यथा की स्थिति में विधिक कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी.”
डीसीपी सिटी धवल जायसवाल ने बताया कनवानी क्षेत्र में संचालित जामिया खुलफा ए राशिदीन मदरसे को सील करने की कार्रवाई अल्पसंख्यक विभाग द्वारा की गई है. मदरसा अवैध रूप से संचालित था. मदरसे द्वारा अल्पसंख्यक विभाग के मानकों को भी पूरा नहीं किया जा रहा था. अल्पसंख्यक कल्याण विभाग की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस द्वारा अग्रिम कार्यवाही करते हुए एफआईआर दर्ज की जाएगी. सभी पक्षों की जांच कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी.
बता दें कि हाल ही में अल्पसंख्यक कल्याण विभाग की टीम द्वारा गाजियाबाद में अवैध रूप से संचालित तीन मदरसों को सील किया जा चुका है. प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया है कि अवैध रूप से संचालित मदरसों को चिन्हित करने की कार्यवाही लगातार जारी है. यदि कोई मदरसा अवैध रूप से संचालित होता हुआ पाया जाता है तो उसे सील करने की कार्रवाई विभाग द्वारा सुनिश्चित की जाएगी.
