उत्तर प्रदेश गाजियाबाद: सरकारी अस्पतालों में हीट वेव वार्ड तैयार, प्रशासन ने जारी की एडवाइजरी
उत्तर प्रदेश

गाजियाबाद: सरकारी अस्पतालों में हीट वेव वार्ड तैयार, प्रशासन ने जारी की एडवाइजरी

गाजियाबाद: दिल्ली एनसीआर में आसमान से आग बरस रही है. भीषण गर्मी को देखते हुए दोपहर के समय सड़कों पर लोगों की भीड़ कम दिखाई दे रही है. आमतौर पर लोग भीषण गर्मी के समय बाहर निकलने से बचते हुए नजर आ रहे हैं. बढ़ती गर्मी को देखते हुए गाजियाबाद जिला प्रशासन द्वारा हीट वेव एडवाइजरी जारी की गई है. इसके साथ ही स्वास्थ्य विभाग ने जिले के सभी सरकारी अस्पतालों में हीट वेव वार्ड तैयार किए हैं.

गाजियाबाद के जिला एमएमजी अस्पताल में 15 बेड का हीट वेव वार्ड तैयार किया गया है जबकि जिला संयुक्त अस्पताल में 6 बेड का हीट वेव वार्ड बनाया गया है. इसके अतिरिक्त जिले के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और 50 बेड वाले अस्पतालों में भी तीन-तीन बेड के हीट वेव वार्ड तैयार किए गए हैं. बढ़ती गर्मी के साथ अस्पतालों में मरीजों की संख्या में भी बढ़ोतरी हुई है.

जिला एमएमजी अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ राकेश कुमार के मुताबिक, बढ़ती गर्मी को देखते हुए अस्पताल प्रशासन द्वारा तमाम तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं. अस्पताल में विशेष हीट वेव बोर्ड बनाया गया है. हीट वेव बोर्ड में कोल्ड रूम भी बनाया गया है. गर्मी बढ़ने के बाद उल्टी, चक्कर आना, तेज बुखार आदि मरीजों की संख्या बढ़ी है. हीट वेव से संबंधित मरीजों के लिए बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के लिए हीट वेव वार्ड में डॉक्टर और पैरामेडिकल स्टाफ की ड्यूटी लगाई गई है.

सीएमएस डॉ राकेश कुमार ने आगे बताया कि हीट वेव से संबंधित मरीज के अस्पताल में आने पर तुरंत उसे हीट वेव बोर्ड के कोल्ड रूम में शिफ्ट किया जाता है. कोल्ड रूम में मौजूद बाथ टब में मरीज को रखा जाता है. आने वाले दिनों में तापमान में और इजाफा होने की संभावना है. बढ़ते तापमान के साथ मरीजों की संख्या में भी इजाफा हो सकता है.

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ अमित विक्रम ने बताया कि हीट वेव से बचाव को लेकर स्वास्थ्य विभाग द्वारा एडवाइजरी जारी की गई है. जिले के सभी सरकारी अस्पतालों में हीट वेव वार्ड तैयार किए गए हैं, जो पूरी तरह से सक्रिय हैं. आवश्यक स्टाफ की भी तैनाती कर दी गई है.

स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी की गई एडवाइजरी

  1. अधिक गर्मी वाले समय विशेष कर दोपहर 12:00 से 3:00 के बीच सूर्य की सीधी रोशनी में जाने से बचें.
  2. नंगे पैर घरों से बाहर न निकले.
  3. अधिक प्रोटीन वाले खाद्य पदार्थों के प्रयोग से यथासंभव बचें और बासी भोजन का प्रयोग बिल्कुल ना करें.
  4. जब तापमान अधिक हो तो ज्यादा मेहनत वाला काम ना करें.
  5. अधिक गर्मी वाले समय में खाना बनाने से बचें. रसोई वाले स्थान को ठंडा रखने के लिए दरवाजे और खिड़कियां खोल दें.
  6. शराब, चाय, कॉफी, कार्बोनेटेड सॉफ्ट ड्रिंक आदि के उपयोग करने से बचें क्योंकि यह शरीर में डिहाइड्रेशन करता है.
Exit mobile version