गाजियाबाद: विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम (SIR) अभियान के बाद पहली ड्राफ्ट सूची जारी कर दी गई है. इसमें कुल 20 लाख 19 हज़ार 852 मतदाताओं के नाम हैं. पुरुष मतदाताओं की संख्या 11,45,798 हैं, जबकि महिला मतदाताओं की संख्या 8,73,992 है. वहीं 122 थर्ड जेंडर मतदाता हैं. मतदाता सूची के ड्राफ्ट प्रकाशन के बाद 6 फरवरी तक लोग दावे और आपत्तियां दाखिल कर सकते हैं. 6 मार्च, 2026 को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा.
जिला निर्वाचन अधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ ने बताया, विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत मतदाता सूची का आलेख्य प्रकाशन 6 जनवरी 2026 को किया गया है. आलेख्य प्रकाशित मतदाता सूची राजनैतिक दलों को उपलब्ध करा दी गयी है और जनपद गाजियाबाद की वेबसाइट पर अपलोड कर दी गयी है. उप जिला निर्वाचन अधिकारी सौरभ भट्ट ने बताया, आलेख्य प्रकाशित मतदाता सूची में अपना नाम चेक करने हेतु लिए लिंक (https://ghaziabad.nic.in) पर क्लिक करें और अपनी विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र का चयन करें.

अगर आपका नाम मतदाता सूची में नहीं है तो दावे और आपत्ति अवधि 6 जनवरी, 2026 से 6 फरवरी, 2026 तक फार्म-6 भरें, अगर अपनी प्रविष्टि में कोई संशोधन करना है या अपना नाम अन्य विधानसभा क्षेत्र अथवा अन्य बूथ में पंजीकृत कराने हेतु फार्म-8 भरें. फार्म भरने के लिए अपने मतदान केंद्र पर उपस्थित अधिकारी अथवा तहसील कार्यालय से फार्म प्राप्त कर सकते हैं या ऑनलाइन पोर्टल voters.eci.gov.in पर फार्म भर सकते हैं.

