उत्तर प्रदेश: देव दीपावली पर वाराणसी में गंगा घाट दीपों की रोशनी से जगमग कर रहे हैं. सीएम योगी भी भी नमो घाट पर पहुंचे. अंधेरा होते ही बनारस दीपों की आभा से जगमगा उठा. वाराणसी के गंगा घाटों पर शाम होने से पहले ही लाखों की भीड़ जुट गई. दशाश्वमेध घाट पर होने वाली गंगा की महा आरती को लेकर पर 39 जीटीसी और गोरखा रेजीमेंट के जवानों की तरफ से अमर जवान ज्योति के रिप्लिका के आगे शहीदों को नमन किया जाता है.
बनारस में हर साल मनाए जाने वाले देव दीपावली महोत्सव में हजारों दीप गंगा के घाटों पर जलाए जाते हैं. शहर के आम लोग इस पर्व को बड़ी ही धूमधाम से मनाते हैं. इस बार उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का नारा बंटोगे तो कटोगे भी काशी के बबुआ पांडेय घाट पर खास अंदाज में लिखा दिखेगा.
काशीवासी भी इसे लेकर खासे उत्साहित हैं. स्थानीय निवासी सुनील उपाध्याय ने बताया कि सीएम योगी का नारा बंटोगे तो कटोगे 51 हजार दीपों से लिखा जाएगा. यह विशेष कार्यक्रम बबुआ पांडेय घाट पर आयोजित किया जाएगा.
बता दें कि वाराणसी में शुक्रवार को मनाई जाने वाली देव दीपावली के अवसर पर सभी 84 घाटों को 17 लाख दीयों से रोशन किया जाएगा. इस बार घाटों पर सजाए जाने वाले दीये महिला सशक्तिकरण को समर्पित होंगे और काशी के घाटों पर दिवंगत उद्योगपति रतन टाटा को श्रद्धांजलि भी दी जाएगी. इसके अलावा गंगा द्वार और चेत सिंह घाट पर लेजर शो और आतिशबाजी का भी आयोजन किया जाएगा.
दशाश्वमेध घाट पर विश्व प्रसिद्ध गंगा आरती के लिए भी व्यापक इंतजाम किए गए हैं. देव दीपावली हिंदू कैलेंडर के अनुसार कार्तिक महीने के 15वें दिन यानी कार्तिक पूर्णिमा पर मनाई जाती है. यह दिन भगवान शिव की राक्षस त्रिपुरासुर पर विजय के उपलक्ष्य में मनाया जाता है. इस साल कार्तिक पूर्णिमा 15 नवंबर को है. देव दीपावली पर इस बार पिछले साल के मुकाबले 20 फीसदी ज्यादा पर्यटकों के आने की उम्मीद है.

