उत्तर प्रदेश: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने सरकारी आवास पर वन महोत्सव 2024 एक पेड़ मां के नाम अभियान के अन्तर्गत पौधरोपण किया. इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ग्लोबल वाॅर्मिंग जैसी चुनौतियों से बचने के लिए देशवासियों से एक पेड़ मां के नाम लगाने का अभिनव आह्वान किया है. आज इसी श्रृंखला में उन्होंने मुख्यमंत्री आवास पर एक पेड़ लगाया है.
सीएम योगी ने एक पेड़ मां के नाम अभियान की शुरुआत के लिए प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आगामी 20 जुलाई को पूरे प्रदेश में प्रदेश की आबादी के बराबर पौधरोपण के लिए हर व्यक्ति अपनी मां के नाम पर एक पेड़ जरूर लगाए और वृक्षारोपण महा अभियान का हिस्सा बने. इसके लिए प्रदेश की नर्सरियों में 54 करोड़ पौधे तैयार किए गए हैं. इनमें पर्यावरण के लिए अत्यंत उपयोगी हर प्रकार के पेड़ हैं. जिनमें पीपल, पाकड़, बरगद, देसी आम, जामुन, अमरुद, शीशम और सागौन के पौधे शामिल हैं. पूरे प्रदेश में अलग-अलग वैरायटी के पौधे लगाए जाएंगे. हर ग्राम पंचायत से लेकर नगर निकाय, पार्क, सड़क के किनारे तथा खाली जगहों पर व्यापक पैमाने पर यह अभियान चलेगा.
पूरे प्रदेश में हर व्यक्ति वृक्षारोपण महाभियान का हिस्सा बनकर माँ के नाम पर एक पेड़ जरूर लगाए…#Plant4Mother pic.twitter.com/d73jtVBYKl
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) July 4, 2024
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि प्रदेश सरकार प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को सहजन का एक पौधा निशुल्क उपलब्ध कराने का कार्य कर रही है. सहजन किसी भी व्यक्ति के लिए बहुत उपयोगी है. यदि इसकी फली की सब्जी बनाकर अथवा सूप के रूप में उपयोग किया जाए तो यह कुपोषण को दूर करने में बहुत बड़ी भूमिका का निर्वहन कर सकता है. प्रदेश सरकार ने 2 वर्ष पहले भी प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों के घर में सहजन का एक-एक पेड़ लगाया था. यह पेड़ अब काफी बड़े हो चुके हैं. इस बार भी हम इस अभियान को आगे बढ़ाएंगे. हमारे पास लगभग 55 लाख सहजन के पौधे हैं.
सीएम योगी ने आशा व्यक्त करते हुए कहा कि हर प्रदेशवासी वृक्षारोपण महाअभियान का हिस्सा बने. प्रदेश सरकार वृक्षारोपण महाअभियान में 30 से 35 करोड़ पौधारोपण का कार्यक्रम आयोजित करेगी. रोपित पौधों की देखभाल हो सके. इसके लिए समय-समय पर कार्यक्रम चलेंगे. जो व्यक्ति पेड़ लगाएगा. वह उसकी सुरक्षा करते हुए इस पूरे अभियान का हिस्सा बनेगा.

