उत्तर प्रदेश: मिल्कीपुर विधानसभा उपचुनाव से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 1000 करोड़ की सौगात दी है. इस दौरान परियोजनाओं का शिलान्यास करते हुए सपा सरकार पर जमकर निशाना साधा. सीएम योगी ने कहा कि जैसे कुत्ते की पूंछ सीधी नहीं हो सकती, वैसे ही समाजवादी पार्टी के दरिंदे, जो बेटियों की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं, ये कभी ठीक नहीं हो सकते. इनको कानून के दायरे में लाकर शिकंजा कसना पड़ेगा, हमारी सरकार कर रही है, जिसके ये पात्र हैं.
मिल्कीपुर विधानसभा क्षेत्र के विद्या मंदिर में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए समाजवादी पार्टी के नेताओं को आईना दिखाया. कहा कि हर जिले का बड़ा माफिया व गुंडा सपा से जुड़ा था, इनका पदाधिकारी या शागिर्द था. संगठित अपराध, पशु, वन, खनन, भूमाफिया थे. माफिया समानांतर सरकार चलाकर अराजकता व गुंडागर्दी का तांडव करते थे तो बबुआ घर से बाहर नहीं निकलता था. बबुआ 12 बजे सोकर उठता था और जनता पिसती थी. मुस्लिम तुष्टिकरण की हद को पार करते हुए पर्व व त्योहारों में इन लोगों ने अराजकता फैलाई थी. होली, दीवाली, रक्षाबंधन-शिवरात्रि, रामनवमी-जन्माष्टमी को बैन कर दिया था.
जन्माष्टमी के आयोजनों पर इन्होंने थाना, पुलिस लाइन, जेलों में रोक लगा दी थी. कहते थे कि जन्माष्टमी में भजन न गाओ. हरे रामा, हरे कृष्णा की धुन कुछ लोगों को पसंद नहीं थी, इसलिए सपा इसे बैन करती थी. कांवड़ यात्रा पर बैन लगाती थी. दुर्गा पूजा में अयोध्या का दंगा हर किसी ने देखा. सपा सरकार में देवकाली मंदिर में मूर्ति चोरी हो गई थी. बतौर सांसद गोरखपुर से आकर मैंने आंदोलन किया था.
मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्री राम की पावन जन्मभूमि श्री अयोध्या धाम के समग्र विकास को गति प्रदान करने वाली ₹1,000 करोड़ से अधिक लागत की 83 विकास परियोजनाओं के लोकार्पण/शिलान्यास हेतु आज मिल्कीपुर विधान सभा क्षेत्र में आयोजित कार्यक्रम में सम्मिलित हुआ।
'सूर्यवंश' की राजधानी… pic.twitter.com/eCwfG5apsM
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) September 19, 2024
सीएम योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश देश के आर्थिक विकास का ग्रोथ इंजन बनकर उभरा है. 2017 से पहले उत्तर प्रदेश भारत के विकास का बैरियर माना जाता था, अराजकता चरम पर थी. विकास योजनाओं में भेदभाव व महापुरुषों का अपमान होता था. भाजपा की डबल इंजन सरकार ने साढ़े सात वर्ष में विकास के कार्यों को तेज गति से बढ़ाया. आज फोरलेन, टू लेन सड़कें, गांव की बेहतर कनेक्टिविटी, गांव-मजरे में बिजली-पानी की व्यवस्था दिखती है.
उत्तर प्रदेश में 2.62 करोड़ परिवारों को शौचालय व 56 लाख गरीबों को आवास दिया गया. 1.20 लाख मजरों तक बिजली, 1.56 करोड़ से अधिक परिवारों को फ्री बिजली कनेक्शन, 1.83 करोड़ परिवारों को उज्ज्वला योजना में फ्री सिलेंडर दिए गए. पिछले वर्ष से इन परिवारों को होली-दीवाली पर फ्री सिलेंडर दे रहे हैं. यूपी में 15 करोड़ लोग फ्री में राशन पा रहे हैं, लेकिन 2017 के पहले सपा के गुंडे गरीबों का राशन हजम कर जाते थे.
सीएम ने अयोध्या व मिल्कीपुर में हुए विकास कार्य भी गिनाए. उन्होंने बताया कि अयोध्या में पीएम आवास योजना (ग्रामीण) में 45664 व (शहरी) में 19964 आवास दिए गए हैं. इसमें मिल्कीपुर में 8195 आवास ग्रामीण क्षेत्र में बने हैं.। मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत 2369 लाभार्थियों को आवास की सुविधा प्रदान की है. अयोध्या में हर घर नल योजना के तहत 1184 राजस्व गांवों में हर घर तक पेयजल कनेक्शन उपलब्ध कराने का कार्य हो रहा है. पीएम किसान सम्मान निधि के तहत अयोध्या में 4.21 लाख किसान लाभान्वित हो रहे हैं. इनके खातों में एक हजार 430 करोड़ रुपये जा चुके हैं. मिल्कीपुर में 94549 किसानों को इसका लाभ मिल रहा है. अयोध्या में 67014 स्मार्टफोन व 26974 टैबलेट युवाओं को वितरित किए गए हैं.
आयुष्मान भारत के नौ लाख 726 गोल्डन कार्ड दिए गए हैं. मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना में 30245 बालिकाएं लाभान्वित हुई हैं. डबल इंजन सरकार एक लाख 8 हजार 228 वृद्धजन, 54529 निराश्रित महिलाओं व 11603 दिव्यांगजनों को 12-12 हजार रुपये सालाना पेंशन की सुविधा दी जा रही है. अयोध्या में 59 गोआश्रय स्थलों में 12600 से अधिक गोवंशों को संरक्षित किया जा रहा है. 4.32 लाख परिवारों को निशुल्क राशन दिया जा रहा है.

