उत्तर प्रदेश

सीएम योगी ने बाराबंकी को दी 1734 करोड़ की सौगात, बलरामपुर में देवी पाटन मंदिर में की पूजा-अर्चना

उत्तर प्रदेश: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बाराबंकी और बलरामपुर दौरे पर हैं. बाराबंकी को सीएम ने 1734 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात दी. वहीं बलरामपुर में प्रवास के दूसरे दिन मंगलवार सुबह उन्होंने आदि शक्ति मां पाटेश्वरी शक्तिपीठ में पूजा-अर्चना की. इसके बाद उन्होंने मंदिर परिसर का जायजा भी लिया. गायों को गुड़-चूरा खिलाकर दुलार भी किया.

मुख्यमंत्री योगी ने बाराबंकी में लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती समारोह में राज्य के विकास और राष्ट्रवाद को केंद्र में रखते हुए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की हैं. मुख्यमंत्री ने कहा कि सरदार वल्लभ भाई पटेल की स्मृति को जीवंत रखने और उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने के लिए जल्द ही प्रदेश के हर जिले में 100 एकड़ के क्षेत्रफल में इंडस्ट्रियल और एम्प्लॉयमेंट जोन बनाए जाएंगे. इन नए जोन से जिले के युवाओं को बड़े पैमाने पर रोजगार मिलेगा, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को गति मिलेगी.

इसी के साथ योगी ने 1734 करोड़ रुपये की 254 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण भी किया. उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया. पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए सीएम योगी ने कहा कि डबल इंजन की सरकार ने उत्तर प्रदेश को ‘बीमारू’ राज्य की छवि से निकालकर विकास की राह पर ला दिया है.

मुख्यमंत्री योगी दो दिवसीय दौरे पर सोमवार को बलरामपुर पहुंचे थे. सीएम यहां पर ब्रह्मलीन महंत योगी महेंद्रनाथ जी महाराज की 25वीं पुण्यतिथि के अवसर पर चल रहे समारोह में सम्मिलित हुए. इसके बाद गोरक्षपीठाधीश्वर और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार सुबह मां पाटेश्वरी की आराधना की. सुखी, स्वस्थ और समृद्ध प्रदेश की कामना की.

सीएम ने आदि शक्ति पीठ देवी पाटन मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद मंदिर परिसर का निरीक्षण किया. यहां की व्यस्थाओं का जायजा लिया. इसके बाद वे गौशाला पहुंचे और गौसेवा की. सीएम ने गायों को हरा चारा, गुड़ आदि खिलाया. इसके बाद मुख्यमंत्री ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों और लोगों से मुलाकात की.

इस अवसर पर देवी पाटन मंदिर के महंत कौशलेंद्र नाथ, विधायक पलटू राम, तुलसीपुर विधायक कैलाश नाथ शुक्ला, पूर्व विधायक शैलेश कुमार सिंह शेलू, नगर पालिका परिषद बलरामपुर के चेयरमैन धीरेंद्र प्रताप सिंह धीरू और जिला मीडिया प्रभारी देवेंद्र प्रताप सिंह आदि मौजूद रहे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *