उत्तर प्रदेश: देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 30 जून को गोरखपुर पहुंचेगी. अपने दो दिवसीय दौरे पर राष्ट्रपति मुर्मू एम्स गोरखपुर के पहले दीक्षांत समारोह बतौर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होकर छात्रों में गोल्ड मेडल और प्रमाण पत्र वितरित करेंगी. इसके बाद एक जुलाई को राष्ट्रपति मुर्मू प्रदेश के पहले आयुष विश्वविद्यालय का लोकार्पण करेंगी. इसको लेकर दोनों जगह तैयारियां जोरों पर है.
एम्स गोरखपुर प्रबंधन अपने परिसर को सजाने संवारने में जुटा है. ऑडिटोरियम से लेकर प्रवेश द्वार सब जगह रंगरोगन की प्रक्रिया चल रही है. दीक्षा समारोह में शामिल होने वाले छात्रों, डिपार्टमेंट के मेंबर, अतिथियों और राष्ट्रपति के लिए वस्त्र और उनके रंग तय कर लिए गए हैं. जिसे तैयार करने में एम्स प्रशासन दिल्ली और गोरखपुर की मदद ले रहा है. छात्रों का कुर्ता-पजामा गोरखपुर में सिलाया जा रहा है तो साड़ी और दिल्ली से मंगाई जा रही है. राष्ट्रपति भवन की अनुमति के बाद राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू सफेद रंग की उत्तरीय धारण करेंगी.
30 जून को एयरपोर्ट से सीधे राष्ट्रपति एम्स जाएंगी. दीक्षांत समारोह में शामिल होने के बाद सर्किट हाउस में विश्राम करेगी और फिर इसी दिन शाम को गोरखनाथ मंदिर पहुंचकर उनका दर्शन-पूजन करने का कार्यक्रम तय है. वह गोरखपुर पहुंचने वाली देश की छठवीं राष्ट्रपति होंगी. देश के प्रथम राष्ट्रपति डॉ राजेंद्र प्रसाद भी गोरखपुर आ चुके हैं. दूसरे राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन, प्रतिभा देवी सिंह पाटिल, डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम और रामनाथ कोविंद. कोविंद के खाते में तीन बार गोरखपुर आने की उपलब्धि दर्ज है.
लगातर विकास की ओर कदम बढ़ा रहे गोरखपुर में सात साल के अंदर चौथी बार राष्ट्रपति का आगमन होने जा रहा है. इन चारों बार राष्ट्रपति को गोरखपुर में बुलाने का श्रेय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को ही जाता है. राष्ट्रपति के दौरों में दो विश्वविद्यालयों में दूसरी बार कार्यक्रम लग रहा है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यकाल में सबसे पहले राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद गोरखपुर आए थे.
इस दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु गोरखनाथ मंदिर दर्शन के लिए जाएंगी. प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद और दूसरे डॉक्टर सर्वपल्ली राधाकृष्णन भी गोरखनाथ मंदिर दर्शन हेतु जा चुके हैं. डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम गोरखपुर विश्वविद्यालय के कार्यक्रम में राष्ट्रपति रहते हुए शामिल हुए थे तो पद से हटने के बाद 10 फरवरी 2011 को वह सेंट जोसेफ हाई स्कूल के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आए थे. पूर्व राष्ट्रपति प्रतिभा देवी सिंह पाटिल मार्च 2009 में वायु सेना केंद्र गोरखपुर में 105 हेलीकॉप्टर यूनिट और 108 स्क्वाड्रन को- प्रेसिडेंशियल स्टैंडर्ड सम्मान देने आई थी.
अपने दौरे के दूसरे दिन राष्ट्रपति मुर्मू मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कुलाधिपतित्व वाले महायोगी गोरखनाथ विश्वविद्यालय में ऑडिटोरियम, अकादमिक भवन, पंचकर्म केंद्र का लोकार्पण व गर्ल्स हॉस्टल का शिलान्यास करेंगी. राष्ट्रपति के गोरखपुर आगमन को लेकर जिला प्रशासन, पुलिस, नगर निगम सभी विभाग तैयारी में जुटे हैं. जिलाधिकारी कृष्णा करुनेश अपनी टीम के साथ आयुष विश्वविद्यालय परिसर का निरीक्षण भी किया और कमियों को शीघ्रता के साथ दूर करने का निर्देश दिया है.

