उत्तर प्रदेश गाजियाबाद में सोसाइटी के 13वीं मंजिल से ‘कृत्रिम बारिश’, लोग बोले- हवा हुई शुद्ध
उत्तर प्रदेश

गाजियाबाद में सोसाइटी के 13वीं मंजिल से ‘कृत्रिम बारिश’, लोग बोले- हवा हुई शुद्ध

गाजियाबाद : दिल्ली एनसीआर के लोग प्रदूषण से परेशान है. प्रदूषण ने लोगों को घरों में कैद कर रखा है. खासकर छोटे बच्चे और बुजुर्ग प्रदूषण की मार झेल रहे हैं. दिल्ली एनसीआर में बीते 8 हफ्तों से प्रदूषण का कहर बरकरार है और आने वाले दिनों में भी प्रदूषण से कोई राहत मिलने की उम्मीद नजर नहीं आ रही है. सरकार की तरफ से प्रदूषण की रोकथाम को लेकर इंतजाम करने का कोई असर नहीं दिख रहा तो ऐसे में अब लोगों ने खुद ही प्रदूषण से निपटाने का रास्ता निकाल लिया है.

गाजियाबाद के राजनगर एक्सटेंशन स्थित Brave Hearts Society में प्रदूषण से निपटने के लिए सभी टावरों के टॉप फ्लोर (13th Floor) से बड़े स्तर पर पानी का छिड़काव किया गया है. पानी का छिड़काव होने से सोसाइटी परिसर में हवा काफी साफ हुई है. सोसाइटी के निवासियों ने दावा किया है कि इस पहल से परिसर का वातावरण काफी शुद्ध हुआ है. कई हफ्तों के बाद आज साफ हवा में सांस लेने का एहसास हो रहा है.

ब्रेव हार्ट सोसाइटी के अध्यक्ष लविश त्यागी के मुताबिक, बढ़ते प्रदूषण के चलते समिति के निवासियों को काफी समस्या हो रही थी. प्रदूषण के चलते लोग एयर प्यूरीफायर के सहारे घरों में कैद थे. सोसाइटियों के निवासियों द्वारा सुझाव दिया गया था कि सोसाइटी परिसर में सभी टावरों के टॉप फ्लोर से पानी का छिड़काव किया जाए. ताकि निवासियों को प्रदूषण से राहत मिल सके.

सोसाइटी में कुल पांच टावर है. सभी टावरों के टॉप फ्लोर से पानी का छिड़काव किया गया है. सोसाइटी में लगे फायर इक्विपमेंट की मदद ली गई है. फायर होज़ फैलाकर छिड़काव किया गया है. सोसाइटी के अध्यक्ष लविश त्यागी ने बताया, STP के पानी का इस्तेमाल छिड़काव के लिए किया गया है. टावरों से छिड़काव करने के अतिरिक्त सोसाइटी में लगे पेड़ों की भी धुलाई की गई है.

निवासियों से काफी हमें सकारात्मक फीडबैक मिला है. निवासियों का कहना है कि छिड़काव के हवा साफ हुई है. आज शाम पार्क में भी बड़ी संख्या में बच्चे और बुजुर्ग देखे गए हैं जो कि प्रदूषण के चलते बाहर नहीं निकल रहे थे. प्रतिदिन दोपहर दो बजे मेंटेनेंस टीम द्वारा पानी का छिड़काव करने की कवायद की जाएगी.

ब्रेव हार्ट सोसाइटी की निवासी गरिमा ने बताया, “बढ़ता हुआ प्रदूषण हमारे लिए आफत बना हुआ है. प्रदूषण से पहले बच्चे शाम को पार्क में खेलते थे लेकिन अब बच्चों का पार्क में आना भी बंद था. आज प्रदूषण से थोड़ी बहुत राहत मिली है. सोसाइटी परिसर में टॉप फ्लोर से बड़े स्तर पर पानी का छिड़काव किया गया है. जिस की हवा में मौजूद प्रदूषण काफी हद तक साफ हुआ है. आज हवा थोड़ी साफ हुई है ऐसे में बच्चों को पार्क में लेकर आए हैं. इस तरह का प्रयास सभी हाईराइज सोसाइटियों को करना चाहिए ताकि क्षेत्र की हवा साफ हो सके.

निवासी पल्लवी त्यागी ने बताया, “प्रदूषण के चलते सांस लेने में काफी दिक्कत हो रही है और बच्चों की भी आंखों में काफी जलन है. परिसर में सभी टावरों के टॉप फ्लोर से पानी का छिड़काव हुआ है. ऐसा महसूस हो रहा है जैसे कि कई दिन बाद साफ हवा में हम सांस ले रहे हैं.”निवासी दीपांशु मित्तल ने बताया, AOA द्वारा की गई इस नई पहल का हम स्वागत करते हैं. हमें उम्मीद है कि यह कार्य प्रतिदिन किया जाएगा ताकि निवासियों को थोड़ी बहुत प्रदूषण से राहत मिल सके. अगर यह काम राज नगर एक्सटेंशन की प्रत्येक समिति द्वारा किया जाए तो क्षेत्र की हवा में काफी सुधार होने की संभावना है.

Exit mobile version