गाजियाबाद: लंबे समय से अगर आपका पासपोर्ट किसी कारणवश लंबित है तो यह खबर आपके लिए अहम है. दरअसल, गाजियाबाद के क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय द्वारा जिले में पासपोर्ट लोक अदालत का आयोजन किया जा रहा है. लोक अदालत का मुख्य उद्देश्य पासपोर्ट से संबंधित लंबित मामलों का शीघ्र और पारदर्शी समाधान सुनिश्चित करना है.
खास बात यह है कि पासपोर्ट लोक अदालत में पासपोर्ट से संबंधित लंबित फाइलों का निस्तारण करने के लिए किसी प्रकार के अपॉइंटमेंट की आवश्यकता नहीं होगी. सीधे पासपोर्ट कार्यालय में जाकर अपनी समस्या अधिकारियों के समक्ष रख उसका समाधान करा सकते हैं.
क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय में आयोजित होने वाली पासपोर्ट लोग अदालत का सीधा फायदा पश्चिम उत्तर प्रदेश के 13 जिलों के आवेदकों को मिलेगा. क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय, गाजियाबाद से मिली जानकारी के मुताबिक, 30 जनवरी 2026 को दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक कक्ष संख्या 320 (क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय, हापुड़ चुंगी गाजियाबाद) में पासपोर्ट लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा.

पासपोर्ट लोक अदालत में क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी (भारतीय विदेश सेवा) अनुज के मुताबिक, विदेश मंत्रालय भारत सरकार के दिशा निर्देशों के अनुपालन में पासपोर्ट लोक अदालत का आयोजन किया जा रहा है. समय की सीमित उपलब्धता के कारण पासपोर्ट लोक अदालत में 50 आवेदकों की फाइलों का निस्तारण किया जाएगा. इस पहल का उद्देश्य पासपोर्ट संबंधित सेवाएं त्वरित और पारदर्शी रूप से प्रदान करना है. ऐसे अभी तक जिनकी फाइलें लंबे समय से किसी कारणवश लंबित है वह पासपोर्ट लोक अदालत में अपनी फाइलों का निस्तारण करा सकते हैं
पश्चिमी उत्तर प्रदेश के सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, हापुड़, मेरठ, मथुरा, गाजियाबाद, गौतमबुधनगर, हाथरस, बुलंदशहर, बागपत, अलीगढ़ और आगरा के पासपोर्ट गाजियाबाद स्थित क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय से जारी होते हैं. क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी के मुताबिक, ऐसी तमाम फाइलों को चिन्हित किया गया है जो कि लंबे समय से किसी कारणवश लंबित है. आवेदकों को पासपोर्ट लोक अदालत के संबंध में सूचित किया गया है, ताकि लंबे समय से लंबित फाइलों का आवेदक लोक अदालत के माध्यम से निस्तारण करा सके.

