उत्तर प्रदेश

80 बनेगा आधार और अबकी बार 400 पार, गोरखपुर रोड शो में बोले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

उत्तर प्रदेश: गोरखपुर शहर में बुधवार को रोड शो के दौरान उमड़े जनसैलाब से गदगद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि हम लोगों को यह उत्साह बनाए रखना है क्योंकि इसी उत्साह से 80 बनेगा आधार और फिर एक बार मोदी सरकार तथा अबकी बार 400 पार का मंत्र साकार होगा.

रोड शो को ऐतिहासिक बताते हुए सीएम योगी ने भाजपा प्रत्याशी रविकिशन के पक्ष में दिखाए गए अपार उत्साह और जन समर्थन के लिए सभी लोगों को हृदय से धन्यवाद व्यापित किया. कहा कि यह जनसैलाब इस बात का प्रमाण है कि इस बार 400 पार का लक्ष्य प्राप्त करते हुए केंद्र में तीसरी बार मोदी सरकार बनने जा रही है. मुख्यमंत्री ने कहा कि इस बार पूरे देश की जनता यही गुनगुना रही है कि जो राम को लाए हैं हम उनको लाएंगे और रामभक्त ही राज करेगा दिल्ली के सिंहासन पर. उन्होंने सभी लोगों को पहले जून को पहले मतदान और उसके बाद ही कोई अन्य काम करने का संकल्प भी दिलाया.

सीएम ने कहा कि विपक्ष चारों खाने चित होकर अपनी हार मान चुका है. अब उसके पास जनता को गुमराह करने का एकमात्र साधन बचा है। कांग्रेस और सपा सहित पूरा इंडी गठबंधन आरक्षण विरोधी है. संविधान को इनसे खतरा है. योगी ने कहा कि मुस्लिम आरक्षण पूरी तरह से असंवैधानिक है. बाबा साहब ने संविधान सभा और उसके बाद भी कई बार धर्म के आधार पर आरक्षण को राष्ट्रीय अखंडता के लिए चुनौती बताया था. यह भारत के विभाजन का कारण बना था. मुस्लिम आरक्षण को किसी भी स्थिति में देश में लागू नहीं होने देंगे. देश की जनता इंडी गठबंधन को खारिज करेगी. भारत में केवल बाबा साहब अंबेडकर के संविधान की बलशाली व्यवस्था ही कायम रहेगी. सीएम ने कहा कि मोदी सरकार में बाबा साहब का सर्वाधिक सम्मान हुआ है. कांग्रेस ने आपातकाल लगाया, धारा 370 को लागू करके, फ्रीडम ऑफ स्पीच को रौंदने का काम किया. हमेशा से इनका आचरण संविधान विरोधी रहा है.

योगी ने बताया कि यूपी लगभग माफिया मुक्त हो चुका है, मगर कहीं कुछ बच गये हैं तो उनका भी सफाया जाएगा. उन्होंने कहा कि यूपी माफिया की भूमि नहीं थी, बल्कि यह तो महोत्सवों की भूमि है. ये भूमि ईश्वरीय अवतारों की है, इसलिए यूपी को माफिया मुक्त करना हमारा संकल्प था और हमें प्रसन्नता है कि भाजपा सरकार ने प्रदेश को माफिया मुक्त कर दिया है. उन्होंने कहा कि सपा सरकार के समय माफिया तत्वों को पाला गया था, ऐसे में आज ये माफिया का महिमामंडन कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि इनकी असलियत जनता जान चुकी है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *