उत्तर प्रदेश: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को गोरखपुर के हिंदुस्तान उर्वरक एवं रसायन लिमिटेड (खाद कारखाना) के परिसर में 1200 जोड़ों के मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह में पहुंचे. इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कई बार दहेज के कारण योग्य कन्याएं विवाह बंधन से नहीं जुड़ पाती थीं, ऐसे में सामूहिक विवाह कार्यक्रम से जुड़ने वाले सभी युवक-युवतियों ने दहेज न ले-दे कर समाज में आदर्श प्रस्तुत किया है.
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि प्रदेश सरकार के समाज कल्याण विभाग की तरफ से होने वाला मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रम, एक तरफ सामाजिक समता का प्रतीक हैं तो वहीं दूसरी तरफ यह समाज की बड़ी विकृति दहेज प्रथा पर प्रहार भी है.
सामूहिक विवाह कार्यक्रम में जाति, मत, मजहब, क्षेत्र, भाषा का कोई बंधन नहीं है. हिंदू, मुस्लिम या अन्य मतावलंबी, सभी अपनी-अपनी परंपरा के अनुरूप विवाह के पवित्र बंधन में जुड़ रहे हैं. साथ ही यह कार्यक्रम दहेज, बाल विवाह और अश्पृश्यता के खिलाफ सरकार द्वारा शुरू की गई एक लड़ाई और अभियान भी है.
महायोगी गुरु श्री गोरखनाथ जी की पावन धरा गोरखपुर में आज 'मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना' के अंतर्गत 1,200 जोड़ों के विवाह हेतु आयोजित कार्यक्रम में सम्मिलित हुआ।
यह आयोजन सामाजिक समता का प्रतीक है, जहां न जाति का बंधन, न क्षेत्र का बंधन और न ही मत-मजहब का बंधन है।
सभी नव… pic.twitter.com/ylGjnA4dS8
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) December 1, 2024
उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत वर्ष 2017 से अब तक सात साल में 3 लाख 84 हजार शादियां करा चुकी है. यह सत्र संपन्न होने पर यह संख्या 4 लाख से अधिक हो चुकी होगी. सीएम योगी ने कहा कि गरीब बेटियों को दहेज के भेड़ियों से बचाने के लिए मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह के कार्यक्रम हर जिले में हो रहे हैं. सरकार की मंशा है कि कोई बेटी दहेज के कारण अनव्याही न रहे. इसके लिए ही सामूहिक विवाह कार्यक्रम को अभियान रूप में चलाया जा रहा है.
सीएम ने कहा कि सरकार हर तबके को लाभान्वित कर रही है. श्रमिकों के बच्चों की मुफ्त शिक्षा के लिए अटल आवासीय विद्यालय चल रहे हैं. निराश्रित, दिव्यांगजन आदि 1 करोड़ लोगों को 12 हजार रुपये सालाना पेंशन दिया जा रहा है. कन्या सुमंगला योजना के तहत 20 लाख बेटियों के स्वावलंबन के लिए 25 हजार रुपये का पैकेज दिया गया है.
उन्होंने कहा कि किसी एक शादी में उनके लिए समय निकाल पाना मुश्किल होता है, लेकिन आज का यह आयोजन ऐसा शुभ व उत्सवी है, जहां मुख्यमंत्री और कई जनप्रतिनिधि आए हैं. उन्होंने कहा कि आज विवाह बंधन में जुड़ने वाले युवा और उनके अभिभावक इसलिए भी भाग्यशाली हैं कि उनके विवाह का निमंत्रण स्वयं प्रशासन दे रहा है.
सभी नव दम्पतियों को आशीर्वाद देते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनके सुखमय और मंगलमय जीवन की कामना की. इस अवसर पर उन्होंने मंच से 10 नवयुगलों को उपहार-शगुन किट भेंट किया. उपहार देने के दौरान मुख्यमंत्री ने जोड़ों से आत्मीय संवाद भी किया. मंच पर जोड़ों को आशीर्वाद देने के अलावा मुख्यमंत्री कार्यक्रम स्थल के मुख्य मंडप में भी गए. मंडप की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के साथ उन्होंने नवयुगलों और उनके अभिभावकों को विवाह की शुभकामनाएं दीं.
