महाराष्ट्र: जम्मू कश्मीर के बाद अब महाराष्ट्र में भी सीट शेयरिंग का औपचारिक ऐलान हो गया है. शिवसेना का उद्धव गुट 21 सीटों पर, शरद पवार की एनसीपी एससीपी 10 सीटों पर और कांग्रेस 17 सीटों पर चुनाव लड़ेगी. महाराष्ट्र में विपक्ष के सबसे बड़े दल महाविकास अघाड़ी में सीट शेयरिंग की गुत्थी सुलझ गई है. जिसके बाद मंगलवार को तीनों दलों के प्रमुख नेताओं ने सीट बंटवारे का आधिकारिक ऐलान किया.
महाराष्ट्र की कुल 48 सीटों पर 5 चरणों के तहत मतदान होगा. कांग्रेस, एनसीपी एसपीसी और शिवसेना यूबीटी में अब इंडिया गठबंधन के तहत सीट शेयरिंग हो गई। सबसे ज्यादा सीटें उद्धव गुट की पार्टी शिवसेना को 21 मिली हैं. उसके बाद कांग्रेस 17 और शरद पवार को 10 सीटें मिली हैं. प्रेस कॉन्फ़्रेंस में उद्धव ठाकरे, शरद पवार और कांग्रेस स्टेट चीफ नाना पटोले मौजूद रहे.
मुंबई में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे ने कहा, प्रयास लगातार जारी है, लेकिन हमें ज्यादा प्रयास करने की आवश्यकता नहीं है, क्योंकि जनता ने तय कर लिया है कि मैंने जो ‘तड़ीपार’ नारा दिया था, उसे पूरा करना है.
पीएम मोदी की सभा को लेकर उद्धव ठाकरे ने कहा, 8 अप्रैल प्रधानमंत्री मोदी महाराष्ट्र में आए थे। एक तो कल सूर्यग्रहण था, अमावस भी थी और पीएम मोदी की सभा भी थी. प्रधानमंत्री अगर एक पार्टी का प्रचार करने लगें तो ये अच्छी बात नहीं होगी. अगर हम पीएम मोदी आलोचना कर रहे हैं तो ध्यान रहे कि हम देश के प्रधानमंत्री की आलोचना नहीं कर रहे हैं बल्कि हम भ्रष्ट जनता पार्टी यानी भाजपा के एक नेता की आलोचना कर रहे हैं.

