महाराष्ट्र: विधानसभा चुनाव 2024 का ऐलान नहीं हुआ है, लेकिन सियासी गर्मी अभी से ही तेज हो गई हैं. लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी आज गुरुवार को महाराष्ट्र के दौरे पर हैं. जानकारी के मुताबिक वे राज्य में कांग्रेस पार्टी के चुनावी अभियान की शुरुआत करेंगे. बता दें, महाराष्ट्र में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं. कांग्रेस यूबीटी सेना और एनसीपी-एसपी के साथ गठबंधन करके राज्य में चुनाव लड़ने जा रही है. खबर मिली है कि राहुल के साथ पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे भी साथ होंगे.
ताजा जानकारी के मुताबिक मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी दिवंगत कांग्रेस सांसद वसंतराव चव्हाण के आवास पर अपनी संवेदना व्यक्त करने पहुंचे हैं. बता दें, वसंत चव्हाण का लंबी बीमारी के बाद 26 अगस्त, 2024 को निधन हो गया था.
Congress President Shri @kharge and LoP Shri @RahulGandhi are scheduled to visit Maharashtra today.
Stay tuned to our social media handles for live updates.
📺 https://t.co/4uLWRC3x0j pic.twitter.com/9E0pSn72Mq
— Congress (@INCIndia) September 5, 2024
पार्टी के सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के मुताबिक राहुल गांधी करीब एक बजे वांगी में पूर्व राज्य मंत्री स्व. पतंगराव कदम की प्रतिमा का अनावरण करेंगे और इसके बाद करीब 1.45 बजे कडेगांव में एक जनसभा को संबोधित करेंगे. कांग्रेस वर्तमान में विपक्ष के नेतृत्व वाले महा विकास अघाड़ी गठबंधन का हिस्सा है, जिसमें स्वयं कांग्रेस, उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना यूबीटी और शरद पवार के नेतृत्व वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी शामिल हैं.
इससे पहले बुधवार 4 सितंबर को एनसीपी-एससीपी सुप्रीमो शरद पवार ने कहा कि महा विकास अघाड़ी गठबंधन में मुख्यमंत्री पद को लेकर कोई विवाद नहीं है और इस पद पर अंतिम फैसला महाराष्ट्र में चुनाव के बाद किया जाएगा. कोल्हापुर में एक संवाददाता सम्मेलन में बोलते हुए पवार ने कहा कि इसमें कोई संदेह नहीं है कि महा विकास अघाड़ी (एमवीए) को इस साल के अंत में होने वाले विधानसभा चुनावों में बहुमत मिलेगा.

