दिल्‍ली-एनसीआर देश

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण में 121 विधानसभा सीटों पर कुल 64.46 % मतदान

देश: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण शांतिपूर्ण ढंग से मतदान संपन्न हो गया. चुनाव आयोग के आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, 18 जिलों की 121 विधानसभा सीटों पर कुल 64.46 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है. यह आंकड़ा 45,314 मतदान केंद्रों में से 41,943 केंद्रों से प्राप्त डेटा पर आधारित है. मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी विनोद सिंह गुंजियाल ने शाम को पटना में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में इन आंकड़ों को साझा करते हुए कहा कि शेष केंद्रों से आने वाले अपडेट के बाद अंतिम आंकड़े जारी किए जाएंगे.

बिहार विधानसभा चुनाव में इस बार रिकॉर्ड तोड़ मतदान देखने को मिला है. बताया जा रहा है कि 1990 के बाद पहला ऐसा अवसर है कि मतदान प्रतिशत कितना हाई हुआ है और 60% से अधिक मतदान हुआ है. मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी विनोद सिंह गुंजियाल ने बताया कि प्रथम चरण के चुनाव में 18 जिले की 121 विधानसभा सीट पर मतदान शांतिपूर्ण संपन्न हुए. इस चुनाव में 45341 मतदान केंद्र बनाए गए थे और मतदान केंद्र स्थल की संख्या 23554 रही. उन्होंने बताया कि शाम 6:00 बजे तक 41941 मतदान केंद्र का डाटा उपलब्ध हो पाया है और इसके अनुसार 64.46% अब तक मतदान हुए हैं.

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी विनोद सिंह गुंजियाल ने बताया कि बचे हुए मतदान केंद्र का भी डाटा अपलोड किया जा रहा है और ऑपरेटर इस काम में लगे हैं. इस बार मतदान प्रतिशत बढ़ा है और इसके पीछे आयोग का जागरूकता कार्यक्रम और मीडिया द्वारा लोगों को मतदान को लेकर जागरूक करने के प्रयास रहे. इसके अलावा एसआईआर के कारण भी गलत मतदाता हटाने के कारण मतदान प्रतिशत बेहतर हुआ है.

विनोद सिंह गुंजियाल ने बताया कि बिहार विधानसभा आम निर्वाचन, 2020 में राज्य का औसत मतदान प्रतिशत 57.29% और लोकसभा आम निर्वाचन, 2024 में यह 56.28% रहा था. अंतिम आंकड़े ससमय निर्गत कर दिए जायेंगे.

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि प्रथम चरण में विधान सभा निर्वाचन क्षेत्रों के लिए कुल मतदाताओं की संख्या 37513302 रही जिसमें पुरुष मतदाताओं की संख्या 19835325 और महिला मतदाताओं की कुल संख्या 17677219 है. तृतीय लिंग के निर्वाचकों की संख्या 758 और 85 वर्ष से अधिक आयु के मतदाताओं की संख्या 209177 है.

कुल मतदान केन्द्रों की संख्या 45341 में 8608 मतदान केंद्र शहरी क्षेत्र में जबकि 36733 मतदान केंद्र ग्रामीण क्षेत्र में थे. उन्होंने बताया कि प्रथम चरण में कुल उम्मीदवारों की संख्या 1314 रही, जिसमें 1192 पुरुष और 122 महिला उम्मीदवार रहे. सभी मतदान केंद्रों की लाइव वेबकास्टिंग की गई.

चुनाव आयोग के मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने दिल्ली के मॉनिटरिंग रूम से पूरे प्रक्रिया की निगरानी की. उन्होंने कहा कि बिहार चुनाव में ऐतिहासिक मतदान प्रतिशत दर्ज होने की संभावना है. दूसरा चरण 11 नवंबर को 122 सीटों पर होगा, जबकि 14 नवंबर को वोटों की गिनती होगी. एनडीए और महागठबंधन दोनों ने ही पहले चरण में अपनी जीत का दावा किया है. जेडीयू प्रवक्ता ने कहा, “एनडीए प्रचंड बहुमत हासिल करेगा,” जबकि आरजेडी ने “बदलाव की लहर” का जिक्र किया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *