दिल्‍ली-एनसीआर

देश आज मना रहा संविधान दिवस, पीएम मोदी ने दी बधाई, राष्ट्रपति मुर्मू ने दोनों सदनों को किया संबोधित

दिल्‍ली: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू मंगलवार को संविधान सदन के ऐतिहासिक केंद्रीय कक्ष में संसद के दोनों सदनों की संयुक्त बैठक को संबोधित किया. इसके साथ ही भारत के संविधान को अंगीकार करने के 75 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में वर्ष भर चलने वाले समारोह की शुरुआत हुई. इस अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने संविधान निर्माण में संविधान सभा की 15 महिला सदस्यों के योगदान को याद किया.

इस कार्यक्रम में उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला एवं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी हिस्सा ले रहे हैं. सरकार ने सोमवार को घोषणा की थी कि नागरिकों को संवादात्मक गतिविधियों और संसाधनों के माध्यम से संविधान की विरासत से जोड़ने के लिए एक वेबसाइट- कॉन्स्टिटूशन75 डॉट कॉम बनाई गई है.

प्रधानमंत्री मोदी ने मंगलवार को देशवासियों को संविधान दिवस की बधाई दी. पीएम मोदी ने एक्स पर लिखा, सभी देशवासियों को भारतीय संविधान की 75वीं वर्षगांठ के पावन अवसर पर संविधान दिवस की बहुत-बहुत शुभकामनाएं.

वहीं, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने संविधान दिवस पर लोगों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भारत जैसे विशाल देश में लोकतंत्र की ताकत उसका संविधान है, जो राष्ट्रीय एकता और अखंडता का मंत्र देता है। संविधान सभा ने 26 नवंबर 1949 को संसद के केंद्रीय कक्ष में संविधान को अपनाया था और यह 26 जनवरी 1950 को लागू हुआ. शाह ने संविधान दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज भारत पूरे उत्साह से संविधान की 75वीं वर्षगांठ मना रहा है.

उन्होंने एक्स पर लिखा, बाबासाहेब भीमराव आंबेडकर जी सहित संविधान के सभी शिल्पियों के योगदान को चिरस्मरणीय बनाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने ‘संविधान दिवस’ मनाने की शुरुआत की. शाह ने कहा, भारत जैसे विशाल देश के लोकतंत्र की शक्ति हमारा संविधान ही है, जो हर व्यक्ति के लिए न्याय और समान अधिकार सुनिश्चित कर राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता का मंत्र देता है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *