दिल्‍ली-एनसीआर तपती गर्मी में राहत का ठिकाना बना साकेत का ‘कूल‍िंग जोन’, दक्षिण दिल्ली प्रशासन की पहल
दिल्‍ली-एनसीआर

तपती गर्मी में राहत का ठिकाना बना साकेत का ‘कूल‍िंग जोन’, दक्षिण दिल्ली प्रशासन की पहल

दिल्ली: भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान के बीच दक्षिण दिल्ली जिला प्रशासन ने लोगों को राहत देने के लिए खास पहल की है. साकेत मेट्रो स्टेशन ‘कूलिंग जोन’ शुरू किया गया है, जहां लोगों को ठंडी हवा, ठंडा पानी, ORS और फर्स्ट एड जैसी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं. इस कूलिंग सेंटर का उद्घाटन दक्षिण दिल्ली के जिला अधिकारी लक्ष्य सिंघल ने किया. उन्होंने मौके पर पहुंचकर लोगों से बातचीत की और व्यवस्था का जायजा भी लिया.

दिल्ली सरकार और मुख्यमंत्री के निर्देश पर शुरू किए गए इस कूलिंग ज़ोन का उद्देश्य हीट वेव के दौरान राहगीरों, मजदूरों, रिक्शा चालकों और आम लोगों को राहत पहुंचाना है.साकेत में बनाए गए इस सेंटर में करीब 100 लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है ताकि लोग तेज गर्मी से बच सकें.

कूलिंग जोन में बड़े कूलर लगाए गए हैं और लगातार ठंडे पानी की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है. लोगों को डिहाइड्रेशन और हीट स्ट्रोक से बचाने के लिए ORS भी दिया जा रहा है.इसके अलावा जरूरत पड़ने पर प्राथमिक उपचार की सुविधा भी मौजूद है.प्रशासन का कहना है कि बढ़ती गर्मी के बीच लोगों को तुरंत राहत देना इस पहल का मुख्य मकसद है.

लक्ष्य सिंघल ने बताया कि यह कूलिंग सेंटर 24 घंटे खुला रहेगा और कोई भी व्यक्ति यहां आकर आराम कर सकता है.मौके पर सिविल डिफेंस वॉलंटियर्स और प्रशासनिक स्टाफ की तैनाती की गई है.जरूरत पड़ने पर DDMA (दिल्‍ली डिजआस्‍टर मैनेजमेंट अथॉर‍िटी) की टीम लोगों को नजदीकी अस्पताल या डिस्पेंसरी तक पहुंचाने में भी मदद करेगी.साथ ही प्रशासन की ओर से कूलिंग वैन भी चलाई जाएगी, जो अलग-अलग इलाकों में जाकर लोगों को राहत पहुंचाएगी.

दोपहर की तेज धूप और उमस के बीच कूलिंग जोन पहुंचे लोगों ने दिल्ली सरकार और जिला प्रशासन की इस पहल की सराहना की.लोगों का कहना है कि भीषण गर्मी में सड़क पर निकलना बेहद मुश्किल हो गया है और ऐसे में यह कूलिंग सेंटर आम जनता के लिए बड़ी राहत साबित होगा.स्थानीय लोगों का मानना है कि अगर आने वाले दिनों में तापमान और बढ़ता है, तो इस तरह के कूलिंग जोन लोगों के लिए लाइफ सेविंग सेंटर साबित हो सकते हैं.

Exit mobile version