दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को वाराणसी में रोड शो करेंगे. प्रधानमंत्री का यह रोड शो वाराणसी के लंका से शुरू होगा और श्री काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचकर खत्म होगा. 5 किलोमीटर का ये रोड शो 4 घंटे में पूरा होगा.
रोड शो खत्म होने के बाद प्रधानमंत्री वाराणसी में दर्शन पूजन करेंगे। उसके बाद मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वाराणसी से अपना नामांकन दाखिल करेंगे. वाराणसी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रोड शो को सफल बनाने के लिए भारतीय जनता पार्टी के नेता और कार्यकर्ता कई दिनों से जिले में लोगों के घर-घर पहुंचकर उन्हें निमंत्रण दे रहे थे. कहा जा रहा है कि नेताओं द्वारा 5 लाख से ज्यादा परिवारों को निमंत्रण दिया गया है. पार्टी नेता कह रहे हैं कि इस रोड शो में 10 लाख लोगों के शामिल होने की उम्मीद है.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को लंका चौराहे पर काशी हिंदू विश्वविद्यालय के सिंह द्वार के सामने स्थापित भारत रत्न पंडित मदन मोहन मालवीय की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने के बाद रोड शो की शुरुआत करेंगे. ऐसे में पंडित मदन मोहन मालवीय और सिंह हरिद्वार की प्रतिमा के सामने भव्य सजावट की जा रही है. इसके अलावा लंका से श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर तक सड़क किनारे गुब्बारों और कपड़ों से सजाया जा रहा है. जगह-जगह मंच भी बनाए गए हैं. इन मंचों पर कलाकार अपनी प्रस्तुति देंगे.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का रोड शो आज शाम 4 बजे वाराणसी के लंका चौराहे से शुरू होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लंका चौराहे पर स्थित पंडित मदन मोहन मालवीय की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने के बाद रोड शो की शुरुआत करेंगे। रोड शो में सबसे आगे रथ चलेगा जिस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सवार होंगे. इसके अलावा पीछे की गाड़ियों पर भारतीय जनता पार्टी के मंत्री, विधायक और वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे.

