दिल्ली: आज उत्तर रेलवे को कई सौगातें मिलने जा रही हैं. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कई अहम प्रोजेक्ट्स जनता को समर्पित करेंगे. इन प्रोजेक्ट्स में नई दिल्ली स्टेशन पर रेल कोच रेस्टोरेंट, आनंद विहार-तिलक ब्रिज के बीच तीसरी और चौथी लाइन के अलावा दिल्ली के हजरत निजामुद्दीन स्टेशन से खजुराहो के बीच वंदे भारत ट्रेन प्रमुख हैं.
दिल्ली से खजुराहो पहुंचना लोगों के लिए आसान होगा, वहीं, तिलक ब्रिज पर ट्रेनों की स्पीड बढ़ेगी. इसके अलावा, नई दिल्ली स्टेशन पर रेल कोच रेस्तरां में खाने का लुत्फ भी पैसेंजर ले सकेंगे. उत्तर रेलवे के जीएम शोभन चौधरी ने इस पूरे कार्यक्रम को लेकर एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि उत्तर रेलवे को पांच जन औषधि केंद्र, 147 वन स्टेशन वन प्रोडक्ट, पांच रेल कोच रेस्तरां के अलावा कई अन्य विकास परियोजनाओं की सौगात मिल रही है.
पीएम नरेंद्र मोदी भारतीय रेल में बदलावों के लिए मंगलवार को 85 हजार करोड़ रुपये से अधिक के रेल प्रोजेक्ट लॉन्च कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि दिल्ली मंडल को दो माल गोदाम, जन औषधि केंद्र, एक रेल कोच रेस्तरां, आनंद विहार-तिलक ब्रिज तीसरी और चौथी रेल लाइन, 48 वन स्टेशन, वन प्रोडक्ट आउटलेट, 17 डीएफसी का लोकार्पण करेंगे. आनंद विहार में वॉशिंग कम पिट लाइनों पर कवर शेड सहित रखरखाव सुविधाओं को बेहतर बनाने की आधारशिला रखेंगे.बिजवासन में ट्रेनिंग सुविधाओं आदि के लिए डिपो सहित कुछ अन्य सुविधाओं और आनंद विहार में वंदे भारत स्लीपर ट्रेनों के रखरखाव के लिए एक ट्रेन सेट डिपो की स्थापना भी करेंगे.

