दिल्‍ली-एनसीआर

सर्वाइकल कैंसर के खिलाफ भारत का कड़ा प्रहार, पीएम मोदी ने अजमेर से किया एचपीवी टीकाकरण अभियान का शुभारंभ

दिल्‍ली: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को कायड़ विश्राम स्थली में आयोजित सभा में राजस्थान को 16 हजार 686 करोड़ रुपए की विकास परियोजनाओं की सौगात दी. उन्होंने बटन दबाकर इनका शुभारंभ किया. इसी मंच से सर्वाइकल कैंसर के विरुद्ध एचपीवी राष्ट्रीय टीकाकरण अभियान की भी शुरुआत की गई.

प्रधानमंत्री ने 21,863 युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए. अजमेर जिले के केकड़ी की अंकिता कुमारी मीणा और रूपनगढ़ क्षेत्र के मुकेश प्रजापत को मंच पर नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए. सभा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने राजस्थान को आस्था और शौर्य की धरती बताते हुए कहा कि यहां तीर्थों और क्रांतिवीरों के पदचिह्न हैं. हाइफा युद्ध का उल्लेख करते हुए मेजर दलपत सिंह के शौर्य को याद किया। उन्होंने कहा कि उन्हें गत दिनों इजराइल की संसद में हाइफा की आजादी का गौरवगान करने का अवसर मिला.

प्रधानमंत्री ने कहा कि सड़क, बिजली, पानी, स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में नई शक्ति जुड़ने से रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और पर्यटन को भी गति मिलेगी. कनेक्टिविटी बेहतर होने से निवेश और स्थानीय कारोबार को लाभ होगा.

एचपीवी राष्ट्रीय टीकाकरण अभियान की शुरुआत करते हुए उन्होंने कहा कि वीरांगनाओं की धरती से यह अभियान शुरू हो रहा है। इससे महिलाओं के स्वास्थ्य को मजबूती मिलेगी. उन्होंने कहा कि मां स्वस्थ रहती है तो परिवार मजबूत रहता है.

पीएम मोदी ने कहा कि केंद्र सरकार ने महिलाओं को संबल देने के लिए कई योजनाएं लागू की हैं. पूर्व में स्कूलों में शौचालय और सेनिटरी नेपकिन की कमी से छात्राओं को पढ़ाई छोड़नी पड़ती थी. मातृ वंदना योजना के तहत गर्भवती महिलाओं के खाते में सीधे सहायता राशि पहुंच रही है और उज्ज्वला योजना से धुएं से राहत मिली है.

मुफ्त टीकाकरण और पात्रता: 1.15 करोड़ बेटियों को लाभ

इस अभियान के तहत देशभर की लगभग 1.15 करोड़ लड़कियों को हर साल लक्षित किया जाएगा.

  • पात्रता: वर्तमान में यह अभियान 14 वर्ष की आयु की सभी लड़कियों के लिए शुरू किया गया है.
  • लागत: सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों (आयुष्मान आरोग्य मंदिर, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और जिला अस्पतालों) पर यह वैक्सीन पूरी तरह मुफ्त उपलब्ध होगी.
  • वैक्सीन का नाम: भारत के इस राष्ट्रीय कार्यक्रम में ‘गार्डासिल’ (Gardasil) नामक वैक्सीन का उपयोग किया जा रहा है, जो सर्वाइकल कैंसर पैदा करने वाले मुख्य वायरस टाइप 16 और 18 से सुरक्षा प्रदान करती है.

टीकाकरण अभियान के साथ-साथ पीएम मोदी ने राजस्थान को 16,680 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं की सौगात भी दी. इसमें बांदीकुई-जयपुर ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे और अमृतसार-जामनगर आर्थिक गलियारे के महत्वपूर्ण हिस्सों का उद्घाटन शामिल है. पीएम मोदी ने कहा कि राजस्थान का विकास ही ‘विकसित भारत’ के संकल्प को सिद्ध करेगा. इस दौरान राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा भी मंच पर मौजूद रहे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *