दिल्‍ली-एनसीआर

पीएम मोदी ने मोटापे के खिलाफ अभियान शुरू किया, आनंद महिंद्रा सहित 9 हस्तियों को बनाया मेंबर

दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला, व्यवसायी आनंद महिंद्रा और अभिनेता मोहनलाल सहित विभिन्न क्षेत्रों के 10 लोगों को मोटापे से लड़ने में मदद करने के लिए नामित किया. इससे एक दिन पहले उन्होंने लोगों से इस स्वास्थ्य समस्या से निपटने के लिए कदम उठाने का आह्वान किया था.

देश में लोगों के बीच बढ़ती स्वास्थ्य चिंताओं से निपटने के अपने नवीनतम प्रयास में प्रधानमंत्री मोदी ने मोटापे से निपटने और स्वस्थ खाने की आदतों को बढ़ावा देने के लिए एक राष्ट्रव्यापी आंदोलन का आह्वान किया है. पीएम मोदी ने नागरिकों से अपने दैनिक आहार में छोटे लेकिन महत्वपूर्ण बदलाव करने का आग्रह किया.

प्रधानमंत्री ने एक्स पर लिखा, ‘मैं मोटापे के खिलाफ लड़ाई को मजबूत करने और भोजन में खाद्य तेल की खपत को कम करने के बारे में जागरूकता फैलाने के लिए इन लोगों को नामित करना चाहता हूं. मैं उनसे यह भी अनुरोध करता हूं कि वे प्रत्येक 10 लोगों को नामित करें ताकि हमारा आंदोलन बड़ा हो सके.’

भोजपुरी गायक-अभिनेता निरहुआ, शूटिंग चैंपियन मनु भाकर, भारोत्तोलक मीराबाई चानू, इंफोसिस के सह-संस्थापक नंदन नीलेकणि, अभिनेता आर माधवन, गायिका श्रेया घोषाल, सांसद सुधा मूर्ति उनके द्वारा नामांकित अन्य हस्तियां हैं. मोटापे से लड़ने के लिए जोरदार वकालत करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने रविवार को अपने ‘मन की बात’ कार्यक्रम में लोगों से भोजन में कम तेल का उपयोग करने का आग्रह किया था और साथ ही 10 प्रतिशत तेल का सेवन कम करने की चुनौती 10 अन्य लोगों को देने का आग्रह किया था.

बता दें कि पीएम मोदी ने रविवार को मासिक रेडियो कार्यक्रम मन की बात में बच्चों के माटापे पर चिंता जताई. उन्होंने कहा कि मोटापा का मुख्य कारण खाद्य तेल है. उन्होंने इसके कम से कम इस्तेमाल पर जोर दिया. उन्होंने कहा कि खाद्य तेल का 10 फीसदी इस्तेमाल आसानी से कम किया जा सकता है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *