दिल्‍ली-एनसीआर

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के ‘महाकुंभ’ का PM मोदी ने किया उद्घाटन

दिल्‍ली: इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट का सोमवार से आगाज हो गया. ग्लोबल साउथ में पहली बार हो रही इस समिट का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार शाम को उद्घाटन किया. भारत मंडपम में 16 फरवरी से लेकर 20 फरवरी तक ये ‘एआई इम्पैक्ट समिट 2026’ चलेगा. इस पांच दिवसीय कार्यक्रम में एआई की सुरक्षा, गवर्नेंस, नैतिक उपयोग, डेटा सुरक्षा और सॉवेरन एआई के विकास पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा. इस समिट का एक बड़ा आकर्षित ‘युवाएआई’ कार्यक्रम है. यह एक ग्लोबल यूथ चैलेंज है और इसका उद्देश्य छात्रों और युवा पेशेवरों में एआई को लेकर जागरूकता फैलाना है.

इस चैलेंज में 38 से अधिक देशों से 2,500 से अधिक आवेदन आए थे. इसमें से शीर्ष 20 फाइनलिस्ट का चयन इलेक्ट्रॉनिक्स और आईटी मंत्रालय द्वारा किया गया है, जिसमें 15 टीम भारत से हैं. इन शीर्ष 20 फाइनलिस्ट का चयन 2025 के आखिर में कई राउंड्स की प्रतियोगिता के बाद किया गया था.

इन शीर्ष 20 फाइनलिस्ट को इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026 के जरिए वैश्विक मंच पर अपने इनोवेशन को दिखाने का मौका मिलेगा. शीर्ष 20 फाइनलिस्ट सार्वजनिक स्वास्थ्य, कृषि, जलवायु अनुकूलन, पहुंच को आसान बनाने, स्मार्ट मोबिलिटी और डिजिटल ट्रस्ट जैसे क्षेत्रों में एआई का उपयोग कर रहे हैं. उनके प्रोजेक्ट्स में मलेरिया का पता लगाने वाले सिस्टम्स, एआई-संचालित वाक् सहायक पहनने योग्य उपकरण, सर्वाइकल कैंसर की जांच के उपकरण, ग्रामीण टेलीमेडिसिन प्लेटफॉर्म, कृषि इंटेलिजेंस सिस्टम्स, पशुधन विश्लेषण समाधान, वन अग्नि और बाढ़ की प्रारंभिक चेतावनी प्रणाली, डीपफेक का पता लगाने वाले उपकरण और दृष्टिबाधित लोगों के लिए सहायक टोक्नोलॉजी शामिल हैं.

इसमें से शीर्ष तीन फाइनलिस्ट को 15-15 लाख रुपए का पुरस्कार दिया जाएगा. अगले तीन सर्वश्रेष्ठ फाइनलिस्ट को 10-10 लाख रुपए का पुरस्कार दिया जाएगा. इसके अतिरिक्त, 5-5 लाख रुपए के दो विशेष पुरस्कार भी प्रदान किए जाएंगे.

AI समिट कई मामलों में काफी अहम है. पूरे विश्व में यह ऐसा चौथा आयोजन है, जिसका गवाह बनने के लिए बड़ी संख्या में देसी-विदेशी मीडिया प्रतिनिधि आ रहे हैं. अब तक लगभग 300 से भी अधिक विदेशी पत्रकारों ने समिट के लिए रजिस्ट्रेशन कराया है. भारत मंडपम के हॉल नंबर 1 में दो फ्लोर केवल मीडिया कर्मियों के लिए तैयार किए गए हैं. मीडिया स्टूडियो, कॉन्फ्रेंस रूम के अलावा वर्चुअल स्टूडियो और पॉडकास्ट के लिए अलग से इंतजाम हैं. मीडिया कर्मियों के लिए 500 से भी अधिक कंप्यूटर लगाए गए हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *