दिल्‍ली-एनसीआर भारत में पेट्रोल के दाम बढ़े, प्रीमियम पेट्रोल की कीमतों में 2 रुपये से ज्यादा की बढ़ोतरी
दिल्‍ली-एनसीआर

भारत में पेट्रोल के दाम बढ़े, प्रीमियम पेट्रोल की कीमतों में 2 रुपये से ज्यादा की बढ़ोतरी

दिल्ली : ईरान से जुड़े युद्ध जैसे हालात के बीच जहां पहले से ही एलपीजी संकट देखने को मिल रहा है, वहीं दूसरी ओर तेल कंपनियों ने प्रीमियम पेट्रोल के दाम (Petrol Price Hike) बढ़ा दिए हैं.

20 मार्च 2026 से तेल विपणन कंपनियों (OMCs) ने एक बड़ा कदम उठाते हुए प्रीमियम पेट्रोल के दामों में बढ़ोतरी कर दी है. रिपोर्ट के मुताबिक, इस ईंधन पर प्रति लीटर 2 रुपये से लेकर 2.35 रुपये तक का इजाफा किया गया है. बीपीसीएल के स्पीड, एचपीसीएल के पॉवर और आईओसीएल के XP95 की कीमतें 2.09 रुपये से 2.35 रुपये प्रति लीटर तक बढ़ गई हैं.

प्रीमियम पेट्रोल की कीमतों में दो रुपये से अधिक की बढ़ोतरी के बाद उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में अब इसकी कीमत 103.92 रुपये प्रति लीटर हो गई है। वहीं, पुणे में प्रीमियम पेट्रोल की कीमत 113.77 रुपये हो गई है. वैश्विक स्तर पर ईरान में चल रहे संघर्ष की वजह से कच्चे तेल की कीमतें 119 डॉलर प्रति बैरल के पार जा चुकी हैं.

रिपोर्ट के अनुसार, इस मूल्य वृद्धि का असर मुख्य रूप से इन्हीं हाई-ग्रेड ब्रांडेड फ्यूल्स पर पड़ा है. इनमें हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (HPCL) का ‘पावर’ (Power) पेट्रोल और इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (IOCL) का ‘एक्सपी95’ (XP95) जैसे प्रमुख नाम शामिल हैं. इस बढ़ोतरी के बाद, महीने भर के ईंधन का खर्च यकीनन थोड़ा बढ़ जाएगा.

बता दें कि यह मूल्य वृद्धि केवल उच्च गुणवत्ता वाले प्रीमियम पेट्रोल तक ही सीमित रखी गई है. अगर आप अपने रोज़मर्रा के सफर के लिए अपनी गाड़ी में सामान्य (रेगुलर) पेट्रोल भरवाते हैं, तो आपको परेशान होने की जरूरत नहीं है. ओएमसी ने साफ किया है कि रेगुलर पेट्रोल की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है.

यह एक ऐसा पेट्रोल होता है, जिसमें ऑक्टेन नंबर ज्यादा होता है. आमतौर पर यह नंबर 95 या उससे ऊपर का होता है. वहीं नॉर्मल पेट्रोल का ऑक्‍टेन नंबर 91 होता है. प्रीमियम पेट्रोल गाड़ियों के इंजन को ज्यादा स्मूथ और बेहतर परफॉर्मेंस देता है. यह बड़े शहारों में लगभग हर पेट्रोल पंपों पर मिलता है, जिसे स्पोर्ट्स बाइक, कार, टर्बो इंजन वाली गाड़ियां और हाई-परफॉर्मेंस कार में डाला जाता है.

Exit mobile version