ग्रेटर नोएडा: गौतमबुद्धनगर के निवासियों और विशेषकर हाउसिंग सोसायटियों के लिए एक बड़ी राहत की खबर है. उत्तर प्रदेश शासन ने डिप्टी रजिस्ट्रार (फर्म्स, सोसाइटीज एवं चिट्स) के कार्यालय को गाजियाबाद से गौतमबुद्धनगर स्थानांतरित करने के प्रस्ताव पर मुहर लगा दी है। राज्यपाल की अनुमति के बाद विशेष सचिव शिव सिंह ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिए हैं.
नोएडा और ग्रेटर नोएडा में बढ़ती बहुमंजिला इमारतों, आरडब्ल्यूए (RWA) और अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिएशन (AOA) की बड़ी संख्या को देखते हुए लंबे समय से इस कार्यालय को जिले में ही स्थापित करने की मांग की जा रही थी. वर्तमान में यह कार्यालय गाजियाबाद में मेरठ रोड स्थित गुलधर मेट्रो स्टेशन के पास से संचालित हो रहा है. अब विभाग का आधिकारिक पत्राचार का पता (Correspondence Address) गाजियाबाद के बजाय गौतमबुद्धनगर होगा.
गाजियाबाद के लिए व्यवस्था: गाजियाबाद के लोगों की सुविधा के लिए डिप्टी रजिस्ट्रार सप्ताह में तीन दिन (बुधवार, बृहस्पतिवार और शनिवार) गाजियाबाद कार्यालय में बैठेंगे, जबकि शेष तीन दिन (सोमवार, मंगलवार और शुक्रवार) नोएडा में कार्य निष्पादित करेंगे.
इस फैसले से गौतमबुद्धनगर की लगभग 280 AOA और 700 से अधिक RWA को लाभ मिलेगा. अब उन्हें सोसायटियों के पंजीकरण, ऑडिट, चुनाव संबंधी विवादों या फर्मों के रजिस्ट्रेशन के लिए गाजियाबाद या मेरठ के चक्कर नहीं लगाने होंगे. डिप्टी रजिस्ट्रार वैभव कुमार द्वारा बताया गया है. कि स्थानांतरण की प्रक्रिया शासन स्तर पर की जा रही है. गौतमबुद्धनगर में यह कार्यालय स्थाई रूप कहां स्थापित होगा, यह अभी निर्धारित नहीं हुआ है। शासन द्वारा आदेश जारी होने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
