दिल्‍ली-एनसीआर

नोएडा: मीटर बनाने की फैक्ट्री में लगी भीषण आग, दर्जनों लोगों को किया गया रेस्क्यू

नोएडा: गुरुवार सुबह नोएडा के सेक्टर-4 स्थित एक मीटर बनाने वाली फैक्ट्री में भीषण आग लग गई. हादसे के समय फैक्ट्री में 50 से अधिक कर्मचारी मौजूद थे, जिनमें से ऊपरी मंज़िल पर फंसे कई लोगों ने जान बचाने के लिए नीचे कूदना शुरू कर दिया. इस घटना में एक दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

यह घटना थाना फेस-1 क्षेत्र के सेक्टर-4 में स्थित कैपिटल पावर सिस्टम लिमिटेड नामक फैक्ट्री (बी-40) में घटी। सुबह करीब 6 बजे अचानक लगी इस आग के कारण फैक्ट्री में अफरा-तफरी मच गई. आग की लपटों और धुएं को देखकर ऊपरी मंज़िल पर फंसे कर्मचारी अपनी जान बचाने के लिए मजबूर होकर नीचे कूदने लगे.

आग लगने की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंच गईं. आग की तीव्रता को देखते हुए घटनास्थल पर एक दर्जन से अधिक दमकल गाड़ियां लगाई गई हैं. पुलिस के आला अधिकारी भी मौके पर मौजूद हैं और बचाव एवं राहत कार्यों की निगरानी कर रहे हैं.

चीफ फायर अधिकारी प्रदीप कुमार चौबे ने बताया कि आग पर काबू पाने का प्रयास युद्धस्तर पर जारी है. उन्होंने अभी तक किसी के हताहत होने की पुष्टि नहीं की है.। रेस्क्यू टीमें फैक्ट्री के अंदर फंसे हुए किसी भी कर्मचारी को बाहर निकालने के प्रयास में लगी हुई हैं। मौके पर कई एंबुलेंस भी तैनात की गई हैं.

बताया जा रहा है कि फैक्ट्री में भारी मात्रा में प्लास्टिक और अन्य ज्वलनशील पदार्थ मौजूद होने के कारण आग ने विकराल रूप ले लिया. आग लगने का असली कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है और इसकी जांच की जा रही है। फिलहाल, आग बुझाने का काम जारी है और स्थिति पर कड़ी नज़र रखी जा रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *