दिल्‍ली-एनसीआर

दिल्ली गेट पर ‘श्री पार्थ सारथी रथ’ का लोकार्पण, ऐतिहासिक क्षेत्र के सौंदर्यीकरण को बढ़ाने की पहल

दिल्ली: राजधानी के ऐतिहासिक दिल्ली गेट क्षेत्र को एक नई सांस्कृतिक और कलात्मक पहचान देने की दिशा में सोमवार को एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया. दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने उपराज्यपाल वीके सक्सेना के साथ बहादुर शाह जफर मार्ग स्थित दिल्ली गेट पर लोक निर्माण विभाग द्वारा निर्मित ‘श्री पार्थ सारथी रथ’ का लोकार्पण किया. इस अवसर पर दिल्ली सरकार के मंत्री प्रवेश साहिब सिंह और विधायक तरविंदर सिंह मारवाह सहित कई लोग मौजूद रहे. कार्यक्रम के दौरान नेताओं ने इस परियोजना को राजधानी के ऐतिहासिक क्षेत्रों के सौंदर्यीकरण और सांस्कृतिक पहचान को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया.

उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने कहा कि दिल्ली को एक सुंदर, स्वच्छ और सुव्यवस्थित शहर के रूप में विकसित करना सभी की साझा जिम्मेदारी है. इसी उद्देश्य के साथ शहर में विभिन्न विकासात्मक और सौंदर्यीकरण परियोजनाओं को लगातार आगे बढ़ाया जा रहा है. उन्होंने बताया कि ‘श्री पार्थ-सारथी रथ’ का निर्माण कई महीनों की योजना और मेहनत के बाद पूरा हुआ है. लगभग सात से आठ महीनों तक विशेषज्ञों और इंजीनियरों की टीम ने लगातार काम किया, जिसके बाद यह भव्य और आकर्षक संरचना तैयार हुई है.

उपराज्यपाल ने कहा कि यह रथ न केवल कलात्मक दृष्टि से आकर्षक है बल्कि इसकी संरचनात्मक मजबूती भी काफी मजबूत है. इसकी आयु लगभग 50 वर्षों तक रहने का अनुमान है. उन्होंने इस परियोजना को सफलतापूर्वक पूरा करने के लिए लोक निर्माण विभाग की पूरी टीम के समर्पण और मेहनत की सराहना की.

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली सरकार राजधानी को स्वच्छ, सुंदर और आकर्षक बनाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है. शहर के विभिन्न हिस्सों में पार्कों का विकास, सौंदर्यीकरण परियोजनाएं और सार्वजनिक स्थलों पर कलात्मक संरचनाओं की स्थापना इसी दिशा में किए जा रहे प्रयास हैं. उन्होंने कहा कि ऐसी कलात्मक संरचनाएं न केवल शहर की सुंदरता बढ़ाती हैं, बल्कि लोगों और पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र भी बनती हैं.

मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली गेट और बहादुर शाह जफर मार्ग का इलाका ऐतिहासिक और सांस्कृतिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण है. इसी महत्व को ध्यान में रखते हुए ‘श्री पार्थ-सारथी रथ’ की अवधारणा तैयार की गई, ताकि इस क्षेत्र की पहचान और सुंदरता को और सशक्त बनाया जा सके. उन्होंने कहा कि नागरिकों को बेहतर और स्वच्छ सार्वजनिक स्थल उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है.

इस परियोजना का मुख्य उद्देश्य दिल्ली के ऐतिहासिक क्षेत्रों का सौंदर्यीकरण करना और सार्वजनिक स्थलों को अधिक आकर्षक तथा सांस्कृतिक रूप से समृद्ध बनाना है. सरकार का मानना है कि इस तरह की पहलें दिल्ली को वैश्विक स्तर पर एक विशिष्ट पहचान देने में सहायक साबित होंगी साथ ही यह स्थान नागरिकों और पर्यटकों के लिए एक नया आकर्षण केंद्र भी बनेगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *