दिल्‍ली-एनसीआर

डॉ. हेडगेवार ने सिखाया- नेशन फर्स्ट राष्ट्रीयता और शिक्षा का संगम

दिल्ली: डी.ए.वी. व. मा. विद्यालय क्रमांक 1, गांधीनगर, दिल्ली-51 में बुधवार को वर्ष प्रतिपदा उत्सव और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के संस्थापक परम पूजनीय डॉ. केशवराव बलिराम हेडगेवार जी की जयंती के उपलक्ष्य में भव्य समारोह का आयोजन किया गया. कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन से हुई, जिसका संचालन सामाजिक विज्ञान की आचार्या श्रीमती रेनु जोशी ने किया.

समारोह में मुख्य अतिथि श्री अरविंदर सिंह लवली (विधायक, गांधीनगर विधानसभा क्षेत्र) रहे, जबकि मुख्य वक्ता श्री सतीश कुमार शर्मा (राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, दिल्ली प्रांत विद्यार्थी कार्य प्रमुख) रहे. पूर्व निगम पार्षद श्री सुरेंद्र शर्मा, विद्यालय अध्यक्ष श्री नरेश शर्मा और प्रबंधक श्री गृजेश रस्तोगी ने भी अपनी गरिमामयी उपस्थिति से कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई.

श्रीमती रेनु जोशी ने डॉ. हेडगेवार के जीवन और उनके राष्ट्रप्रेम पर प्रकाश डाला. इसके बाद श्री नरेश चौहान ने देशभक्ति गीत प्रस्तुत किया, जिसे सभी ने सराहा. श्रीमती उर्वशी तोमर ने माता की सुंदर भेंट गाकर वातावरण को भक्तिमय बना दिया. अपने संबोधन में श्री सतीश कुमार शर्मा ने कहा कि संघ की शाखाओं में राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने की शिक्षा दी जाती है. उन्होंने छात्रों को प्रेरित करते हुए कहा कि डॉ. हेडगेवार के विचारों को अपनाकर वे समाज और देश के लिए योगदान दे सकते हैं.

मुख्य अतिथि श्री अरविंदर सिंह लवली ने विद्यालय को हरसंभव सहायता देने का आश्वासन दिया और संघ के प्रति अपनी श्रद्धा प्रकट की. उन्होंने छात्रों पर पुष्प वर्षा कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की. इस अवसर पर विद्यालय के मेधावी छात्रों को सम्मानित किया गया. विद्यालय अध्यक्ष श्री नरेश शर्मा ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के योगदान पर प्रकाश डाला, जबकि प्रबंधक श्री गृजेश रस्तोगी ने छात्रों को प्रेरणादायक संदेश दिया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *