दिल्ली: राजधानी में बढ़ते तापमान के बीच दिल्ली सरकार ने आम जनमानस को राहत पहुंचाने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है. मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बुधवार को दिल्ली सचिवालय से 13 ‘मोबाइल हीट रिलीफ यूनिट्स’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. यह विशेष वाहन दिल्ली के उन व्यस्त इलाकों और चौराहों पर तैनात किए जाएंगे, जहां धूप का प्रभाव सबसे अधिक रहता है और मजदूरों व राहगीरों की आवाजाही अधिक होती है.
मुख्यमंत्री गुप्ता ने इस अवसर पर कहा कि भीषण गर्मी और लू (हीटवेव) के कारण आम नागरिकों, विशेषकर खुले में काम करने वाले श्रमिकों और रेहड़ी-पटरी वालों को काफी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है. इन मोबाइल यूनिट्स का मुख्य उद्देश्य सड़क पर चलते लोगों को तत्काल राहत प्रदान करना है. इन वाहनों के माध्यम से लोगों को ठंडा और स्वच्छ पानी उपलब्ध कराया जाएगा.
दिल्ली सचिवालय से भीषण गर्मी और हीटवेव से राहत प्रदान करने के उद्देश्य से 13 मोबाइल हीट रिलीफ यूनिट्स को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इन मोबाइल हीट रिलीफ यूनिट्स के माध्यम से
🔹 ठंडा और स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा
🔹 ORS के पैकेट वितरित किए जाएंगे
🔹 प्राथमिक उपचार (First… pic.twitter.com/37SRFBU3ZG— Rekha Gupta (@gupta_rekha) May 6, 2026
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि डिहाइड्रेशन से बचाव के लिए स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा ओआरएस (ORS) के पैकेट बांटे जाएंगे. लू लगने की स्थिति में इन यूनिट्स में फर्स्ट एड की सुविधा उपलब्ध रहेगी, ताकि अस्पताल ले जाने से पहले व्यक्ति को संभाला जा सके. लोगों को धूप की सीधी मार से बचाने के लिए कॉटन के गमछे और कैप (टोपी) भी वितरित किए जाएंगे.
राहत कार्यों के साथ-साथ सरकार ने जागरूकता पर भी विशेष बल दिया है. मुख्यमंत्री ने हीट एक्शन प्लान बुकलेट भी जारी की. इस पुस्तिका में गर्मी से बचाव के वैज्ञानिक तरीके, क्या करें और क्या न करें, और आपात स्थिति में उठाए जाने वाले कदमों की विस्तृत जानकारी दी गई है. सरकार का मानना है कि सावधानी ही इस प्राकृतिक आपदा से बचने का सबसे प्रभावी तरीका है.
मुख्यमंत्री ने जनता से अपील करते हुए कहा कि वे अनावश्यक रूप से दोपहर की धूप में निकलने से बचें और शरीर में पानी की कमी न होने दें. उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि किसी व्यक्ति को धूप के कारण चक्कर आने या घबराहट जैसी आपात स्थिति महसूस होती है, तो वह तत्काल 112 हेल्पलाइन नंबर पर फोन कर सकता है. सूचना मिलते ही निकटतम मोबाइल रिलीफ यूनिट संबंधित व्यक्ति की सहायता के लिए पहुंचेगी.
दिल्ली सरकार के पूर्व पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने ‘हीट वेव’ के बढ़ते खतरे को लेकर कहा, “देश और पूरी दुनिया में इस वक्त जो गर्मी बढ़ रही है, ये आने वाले खतरनाक ‘हीट वेव’ की शुरुआत है. मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि 140 साल बाद लौट रहा ‘सुपर एल नीनो’, प्रशांत महासागर का पानी 2.9°C गर्म होगा, जिस से बारिश और तापमान अपना पैटर्न बदलते रहेंगे, जो पूरी दुनिया के लिए खतरे की घंटी है, इसका सबसे क्रूर असर मेहनतकश और गरीब लोगों की जिंदगी पर होगा, जो चिलचिलाती धूप में दो वक्त की रोटी कमाने के लिए मजबूर है, ये इंसानियत के लिए एक बड़ा खतरा है. इस आपदा से लड़ने के लिए सबको एक-दूसरे का सहयोग करना होगा. जिस से लोगों की जिंदगी बचाई जा सके, इस खतरे से बचने के लिए अभी से समाज व सरकार दोनों को मिलकर के सक्रियता से काम करना होगा.”
