दिल्‍ली-एनसीआर

25 जून को मनाया जाएगा ‘संविधान हत्या दिवस’, सरकार ने की घोषणा

दिल्ली: भारत सरकार ने हर साल 25 जून को ‘संविधान हत्या दिवस’ मनाने का फैसला किया है. इस बात की जानकारी केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दी. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि यह दिन उन सभी लोगों के योगदान का स्मरण कराएगा, जिन्होंने 1975 के आपातकाल के अमानवीय दर्द को झेला था.

उन्होंने कहा, 25 जून 1975 को तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने अपनी तानाशाही मानसिकता को दर्शाते हुए देश में इमरजेंसी लगाकर भारतीय लोकतंत्र की आत्मा का गला घोंट दिया था. इस दौरान लाखों लोगों को बिना वजह जेल में डाल दिया गया. इतना ही नहीं मीडिया की आवाज को भी दबा दिया गया.

गृह मंत्री ने आगे कहा कि भारत सरकार ने हर साल 25 जून को ‘संविधान हत्या दिवस’ के रूप में मनाने का निर्णय किया है. इस दिन उन सभी लोगों के विराट योगदान का स्मरण किया जाएगा, जिन्होंने 1975 के आपातकाल के अमानवीय दर्द को झेला था.

अमित शाह ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के लिए इस फैसले का उद्देश्य उन लाखों लोगों के संघर्ष का सम्मान करना है, जिन्होंने तानाशाही सरकार की अनगिनत यातनाओं और उत्पीड़न का सामना करने के बावजूद लोकतंत्र को पुनर्जीवित करने के लिए संघर्ष किया. उन्होंने कहा कि ‘संविधान हत्या दिवस’ हर भारतीय के अंदर लोकतंत्र की रक्षा और व्यक्तिगत स्वतंत्रता की अमर ज्योति को जीवित रखने का काम करेगा, ताकि कांग्रेस जैसी कोई भी तानाशाही मानसिकता भविष्य में इसकी पुनरावृत्ति न कर पाए.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *