दिल्ली: शाहदरा विधानसभा क्षेत्र आयोजित कार्यक्रम में सोमवार को मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पहुंची. यहां उन्होंने झिलमिल कॉलोनी स्थित रामलीला मैदान में दिल्ली लोक निर्माण विभाग एवं सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग की कुल 1075 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास किया. इस दौरान उन्होंने कहा कि पूर्वी दिल्ली के विकास को प्राथमिकता देते हुए आधारभूत ढांचे को मजबूत किया जा रहा है. लोक निर्माण विभाग के तहत 236 सड़कों के सुदृढ़ीकरण पर 782 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे. इसके अलावा पांच पैदल ऊपरी पुलों के निर्माण पर 21 करोड़ रुपये की लागत आएगी. इन परियोजनाओं से क्षेत्र में यातायात व्यवस्था सुगम होगी और लोगों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिलेगी.
इसके अलावा सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग की ओर से आठ नए प्रशिक्षण कार्य, 10 नालों का पुनर्निर्माण, तीन नालों का कायाकल्प, 24 बॉक्स ड्रेन और रिटेनिंग वॉल और 18 सड़कों व पुलों से जुड़े कार्यों की भी आधारशिला रखी गई. इन कार्यों पर 272 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे. इन योजनाओं से जलभराव की समस्या में कमी आएगी और बारिश के दौरान लोगों को राहत मिलेगी.
विकसित दिल्ली के लक्ष्य के साथ आज लोक निर्माण विभाग और सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग की ₹1000 करोड़ से अधिक की परियोजनाओं का शिलान्यास किया।
जो काम वर्षों तक अटके, लटके और भटके रहे, उन्हें अब मिशन मोड में पूरा किया जा रहा है।
इनमें ₹800 करोड़ से अधिक की सड़क परियोजनाएं,… pic.twitter.com/oijVtQPhEg
— Rekha Gupta (@gupta_rekha) February 16, 2026
मुख्यमंत्री ने कहा कि यमुनापार क्षेत्र में वर्षों से यहां विकास कार्यों की अनदेखी की गई. शाहदरा विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने वाले लोग लंबे समय तक ऊंचे पदों पर रहे, लेकिन इसके बावजूद सड़कों और गलियों की हालत खराब रही और क्षेत्र में अस्पताल जैसी मूलभूत सुविधाओं का अभाव बना रहा. मैं विश्वास दिलाना चाहती हूं कि केवल यमुनापार ही नहीं, बल्कि पूरी दिल्ली में समान रूप से विकास होगा. क्षेत्र में करोड़ों रुपये के काम पहले ही शुरू किए जा चुके हैं और आने वाले समय में इसका असर साफ दिखाई देगा.
उन्होंने आगे कहा, दिल्ली की जनता ने बड़े सपने देखना लगभग छोड़ दिया था, क्योंकि छोटे-छोटे काम भी पूरे नहीं हो पा रहे थे. कई इलाकों में ऑडिटोरियम तक नहीं है. अब सरकार का लक्ष्य बुनियादी ढांचे को मजबूत करना है, जिसमें नई एलिवेटेड रोड, सड़कों का सुदृढ़ीकरण और नालों का पुनर्निर्माण शामिल है. पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा, लंदन और पेरिस बनाने के वादे किए गए थे, लेकिन पहले दिल्ली को दिल्ली जैसा तो बनाया जाए. सरकार का उद्देश्य ऐसी दिल्ली बनाना है जहां कोई भूखा न सोए और हर नागरिक को बुनियादी सुविधाएं मिलें.
दिल्ली सीएम ने यह भी कहा, हम जनता के बीच रहकर सेवा करने में विश्वास रखते हैं. सब मिलकर दिल्ली के लोगों की बेहतर जिंदगी बनाने का काम कर रहे हैं. यमुना डेवलपमेंट बोर्ड का पुनर्गठन किया गया है, ताकि यमुना और आसपास के क्षेत्रों में विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ सकें. कार्यक्रम के दौरान विभिन्न परियोजनाओं की विस्तृत जानकारी भी साझा की गई. इस दौरान लोगों ने सरकार की घोषणाओं का स्वागत किया और विकास कार्यों को लेकर उम्मीद जताई. इस मौके पर केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा, यमुना पार विकास बोर्ड के अध्यक्ष अरविंद सिंह लवली, विधायक संजय गोयल, विधायक ओम प्रकाश शर्मा, विधायक डॉ. अनिल गोयल, रविंद्र सिंह नेगी, रवि नेगी के साथ ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे.

