नोएडा: शहर में बढ़ते प्रदूषण को नियंत्रित करने और इलेक्ट्रिक वाहनों (ईवी) को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है. नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी कृष्णा करूणेश के निर्देशानुसार नोएडा प्राधिकरण और हिन्दुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एचपीसीएल) के बीच एक अहम समझौता हस्ताक्षरित किया गया. इस समझौते के तहत नोएडा में 13 स्थानों पर ईवी बैटरी स्वैपिंग स्टेशन स्थापित किए जाएंगे.
इस परियोजना का मुख्य उद्देश्य शहर में प्रदूषण को कम करना और इलेक्ट्रिक वाहनों के उपयोग को आसान बनाना है. बैटरी स्वैपिंग स्टेशन बनने से दोपहिया और तिपहिया इलेक्ट्रिक वाहन चालकों को बड़ी राहत मिलेगी. अब उन्हें अपने वाहन को लंबे समय तक चार्ज करने के बजाय कुछ ही मिनटों में डिस्चार्ज बैटरी बदलकर फुल चार्ज बैटरी मिल सकेगी. इससे समय की बचत होगी और ईवी अपनाने की रफ्तार भी तेज होगी.
खास बात यह है कि इस परियोजना में नोएडा प्राधिकरण पर कोई वित्तीय बोझ नहीं पड़ेगा. सभी 13 बैटरी स्वैपिंग स्टेशन द्वारा अपने खर्च पर स्थापित किए जाएंगे. इसके बदले प्राधिकरण को रेवेन्यू शेयरिंग मॉडल के तहत बिजली खपत पर प्रति किलोवाट घंटे 1 रुपये की दर से आय प्राप्त होगी.
