दिल्ली: आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना को दिल्ली में लागू करने के लिए केंद्र और दिल्ली सरकार के बीच एमओयू साइन हो गया. इस योजना के तहत निर्धारित इलाज के खर्च का 60 प्रतिशत केंद्र और 40 प्रतिशत दिल्ली सरकार वहन करेगी. दिल्ली में इस योजना के लागू होने से लाभार्थियों को पांच लाख रुपये का सालाना स्वास्थ्य बीमा मिलेगा. साथ ही दिल्ली सरकार भी पांच लाख रुपये का अतिरिक्त टॉपअप देगी.
इस मौके केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता मौजूद थीं. कार्यक्रम में दिल्ली के सभी बीजेपी सांसदों ने भी हिस्सा लिया. केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा, केंद्रीय स्वास्थ्य राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री डॉ पंकज कुमार सिंह के अलावा अन्य मंत्री भी कार्यक्रम में मौजूद रहे. राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण की मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) एलएस चांगसन और दिल्ली स्वास्थ्य सचिव एसबी दीपक कुमार ने एमओयू पर साइन किए.
Shri Jagat Prakash Nadda @JPNadda, Hon’ble Minister of Health & Family Welfare, GoI @MoHFW_INDIA, inaugurated the MoU signing ceremony between the National Health Authority, GoI, and the Government of NCT of Delhi for implementation of AB PM-JAY in the NCT of Delhi, today.#PMJAY pic.twitter.com/hBjetMyIKd
— National Health Authority (NHA) (@AyushmanNHA) April 5, 2025
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने कहा कि दिल्ली में आयुष्मान भारत प्रभानमंत्री जन आरोग्य योजना लागू होने से 36 लाख लोगों को लाभ मिलेगा. हम 10 अप्रैल को एक और एमओयू साइन करेंगे और10 अप्रैल को हम आयुष्मान कार्ड भी बांटेंगे. उन्होंने कहा कि इस उंगली में बहुत ताकत है. अगर सही जगह उंगली दबती है तो आयुष्मान भारत योजना निकलती है और गलत जगह बटन दबता है तो दवा की जगह दारू बनती है. उन्होंने इस मौके पर अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधते हुए कहा कि अरविंद केजरीवाल ने अपने अहम के चलते इस योजना को दिल्ली में लागू नहीं किया. मैं दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को बधाई देना चाहता हूं जो मिशन मोड में काम कर रही हैं. उन्होंने दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री डॉक्टर पंकज सिंह को भी बधाई दी कि उन्होंने 43 दिन के अंदर इस योजना को लागू करने का खाका तैयार कर दिया.
सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली में आयुष्मान भारत योजना लागू होने जा रही है, अब दिल्ली के नागरिकों को भी इसका लाभ मिल सकेगा. पिछली सरकार में साजिश के तहत यह योजना दिल्ली में लागू नहीं हो सकी थी. सीएम ने कहा कि इस योजना के लिए मैं किन शब्दों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी और केंद्र सरकार का शुक्रिया अदा करूं जिन्होंने सरकार बनते ही इस योजना को लागू करने के लिए पैसा भी मंजूर कर दिया.
दिल्ली आयुष्मान भारत योजना लागू करने वाला 35वां राज्य बन गया है. बता दें कि 23 सितंबर 2018 को आयुष्मान भारत योजना को केंद्र सरकार ने लॉन्च किया था, उसके बाद से 35 राज्य और केंद्र शासित प्रदेशों में यह लागू हो चुकी है.
आयुष्मान भारत योजना चिकित्सा प्रक्रियाओं के लिए मुफ्त और ‘कैशलेस’ उपचार प्रदान करती है. इसमें दवाओं, अस्पताल में भर्ती होने, आईसीयू देखभाल, सर्जरी और अन्य लागत शामिल हैं. इस योजना के तहत, दिल्ली में पात्र परिवारों को 10 लाख रुपए तक का वार्षिक स्वास्थ्य कवर मिलेगा, जिसमें से पांच लाख रुपये केंद्र और शेष पांच लाख रुपये दिल्ली सरकार प्रदान करेगी. राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण, आयुष्मान भारत स्वास्थ्य बीमा योजना के कार्यान्वयन के लिए जिम्मेदार शीर्ष निकाय है. समझौते पर हस्ताक्षर के बाद योजना के तहत लाभार्थियों को नामांकित करने के लिए एक विशेष अभियान शुरू किया जाएगा.

