दिल्ली: विधानसभा चुनाव से पहले सभी राजनीतिक दल विभिन्न दावपेंच के जरिए मतदाताओं को लुभाने की कोशिश कर रहे हैं. भारतीय जनता पार्टी के लोग आज से झुग्गियों में जाकर उनके बीच रहेंगे इसका काउंटर करते हुए आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने आज बुधवार को अपने घर पर सफाईकर्मियों को खाना खाने के लिए बुलाया है. परसों से आम आदमी पार्टी के पार्षद, विधायक और मंत्री भी अपने-अपने क्षेत्र की सफाई कर्मियों को घर पर बुलाकर खाना खिलाएंगे. आम आदमी पार्टी की स्थापना के 12 साल पूरे होने पर पार्टी मुख्यालय पर आयोजित कार्यक्रम में मंगलवार को अरविंद केजरीवाल ने यह बातें कही.
संविधान एवं आम आदमी पार्टी की स्थापना दिवस के अवसर पर पार्टी मुख्यालय पर आयोजित संकल्प सभा में अरविंद केजरीवाल ने कहा कि आज संविधान दिवस पर मैं शुभकामनाएं देना चाहता हूं और बताना चाहता हूं कि जब से एमसीडी में हमारी सरकार बनी है. तब से कर्मचारियों को समय पर वेतन मिल जाता है हमारी सरकार बनने से पहले कर्मचारी वेतन के लिए महीने भर हड़ताल पर रहते थे.
आप सरकार ने सफाई कर्मचारियों को स्थाई नौकरी दी. मैं सभी पार्षदों से कहना चाहता हूं कि वह अपने-अपने इलाके के सफाई कर्मियों को अपने घर पर खाने के लिए बुलाएं. कल मैं खुद अपने घर पर अपने क्षेत्र के सफाई कर्मियों को खाने के लिए बुलाऊंगा. मैं सभी विधायकों से भी अपील करता हूं कि वह परसों से अपने-अपने इलाके के सफाई कर्मियों को घर पर बुलाकर खाना खिलाएं.
हमने इस देश को ईमानदारी से काम करने वाला Model of Governance दिया, जिसमें आम लोगों के बच्चों को अच्छी शिक्षा और बेहतर स्वास्थ्य व्यवस्था समेत कई जनसुविधाओं का इंतजाम किया गया💯 @ArvindKejriwal #12YearsOfAAP pic.twitter.com/tuCVc1CCDJ
— AAP (@AamAadmiParty) November 26, 2024
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि आम आदमी पार्टी आम लोगों की पार्टी है. जब पार्टी बनी तो सभी आम लोग थे. 12 साल में काफी कुछ हासिल किया. भगवान ने झाड़ू चुनाव निशान दिया कि देश मे झाड़ू चलाओ कूड़ा निकालो. झाड़ू चलेगी कुछ तो धूल उड़ेगी. 12 साल में हमने इस देश को मॉडल आफ गवर्नेंस दिया है. हमने आम लोगों की जिंदगी में उनकी समस्याओं को कम करने का काम किया है. बच्चों के लिए अच्छी शिक्षा, मुफ्त इलाज का इंतजाम किया. दिल्ली में मेट्रो का विस्तार किया, सड़कें बनाई, सीवर, पेयजल लाइन डलवाई. कई देशों से ज्यादा सीसीटीवी लगवाया. जो लोग हमें गालियां देते थे और फ्री की रेवड़िया देने की बात करते थे आज वही हमारे मॉडल की बात करते हैं.
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि आज शाम को भारतीय जनता पार्टी के कुछ नेता झुग्गियों में रहने के लिए जा रहे हैं. यह उनके लिए एक झुग्गी टूरिज्म है. ये लोग एक रात के लिए जाकर गरीबों का मजाक उड़ा रहे हैं. मैं इनकम टैक्स कमिश्नर की नौकरी छोड़ने के बाद 10 साल तक झुग्गियों में रहा. मैं झुग्गी में रहने वाले लोगों से कहना चाहता हूं कि इन लोगों से सावधान रहना. क्योंकि यह लोग जिस झुग्गी में रहेंगे उसी को तोड़ने का काम करेंगे. भारतीय जनता पार्टी ने झुग्गियों को तोड़ने का काम किया है. कुछ को हमने बचा लिया.

