दिल्‍ली-एनसीआर

हाईवे से हट जाएंगे सारे टोल प्लाजा, सैटेलाइट आधारित टोल कलेक्शन होगा लागू, नितिन गडकरी ने दी जानकारी

दिल्‍ली: केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने जानकारी दी कि भारत सरकार देश में राजमार्ग निर्माण की गति को बढ़ाकर 100 किलोमीटर प्रतिदिन करने का लक्ष्य लेकर चल रही है. उन्होंने आगे कहा कि अगले 18 महीनों में भारत का रोड इंफ्रास्ट्रक्चर अमेरिका से बेहतर हो जाएगा.

पीटीआई की एक रिपोर्ट के अनुसार, नितिन गडकरी ने यह भी कहा है कि भारतीय राजमार्ग मंत्रालय आने वाले कुछ सालों में 25,000 किलोमीटर लंबे दो और चार लेन वाले राजमार्गों का निर्माण करेगा. उन्होंने आगे कहा कि राजमार्ग परियोजनाओं के लिए धन की कोई कमी नहीं है. गडकरी ने कहा कि “भारत के लिए बुनियादी ढांचे का विकास बहुत महत्वपूर्ण है…मैं देश में राजमार्ग निर्माण की गति को बढ़ाकर 100 किलोमीटर प्रतिदिन करने के लिए काम कर रहा हूं.”

इस रिपोर्ट में आगे कहा गया कि देश में राजमार्ग निर्माण की गति 2020-21 में प्रतिदिन 37 किलोमीटर के रिकॉर्ड को छू गई. राजमार्ग मंत्रालय ने कथित तौर पर 2019-20 में 10,237 किलोमीटर, 2020-21 में 13,435 किलोमीटर, 2021-22 में 10,457 किलोमीटर, 2022-23 में 10,331 किलोमीटर और 2023-24 में 12,349 किलोमीटर का निर्माण किया गया.

इसके अलावा, भारत सरकार काफी समय से पूरे देश में सैटेलाइट आधारित टोल कलेक्शन लागू करने की योजना पर विचार कर रही है. यह सिस्टम मौजूदा फास्टैग आधारित टोल कलेक्शन प्रणाली को रिप्लेस करेगी और उसकी जगह लेगी. इस पर बोलते हुए नितिन गडकरी ने कहा कि जल्द ही पूरे देश में फिजिकल टोल बूथ हटा दिए जाएंगे और केंद्र सरकार एक नई टोल नीति लेकर आने वाली है.

गडकरी ने कहा कि “केंद्र सरकार जल्द ही एक नई टोल नीति पेश करेगी. मैं अभी इसके बारे में ज्यादा नहीं बोलूंगा, लेकिन अगले 15 दिनों के भीतर एक नई नीति की घोषणा की जाएगी. एक बार लागू होने के बाद, किसी को भी टोल के बारे में शिकायत करने का कोई कारण नहीं होगा.” गडकरी ने आगे कहा कि लंबे समय से लंबित मुंबई-गोवा राजमार्ग इस साल जून तक पूरा हो जाएगा.

गडकरी ने कहा कि इस नई प्रणाली में सैटेलाइट ट्रैकिंग और वाहन नंबर प्लेट पहचान का उपयोग करके बैंक खातों से ऑटोमेटिक टोल वसूली शामिल होगी, जिससे मैनुअल टोल संग्रह की आवश्यकता समाप्त हो जाएगी.

उन्होंने कहा कि इससे रोजाना आने जाने वाले यात्रियों और कोंकण जाने वाले यात्रियों को राहत मिलेगी. मुंबई-गोवा राष्ट्रीय राजमार्ग से इन दोनों स्थानों के बीच यात्रा के समय में काफी कम किया जा सकेगा और इससे क्षेत्र में विकास को काफी बढ़ावा मिलेगा. नितिन गडकरी ने आगे कहा कि “मुंबई-गोवा राजमार्ग को लेकर कई कठिनाइयां थीं. लेकिन अब चिंता न करें, हम इस जून तक सड़क का 100 प्रतिशत काम पूरा कर लेंगे.”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *