दिल्‍ली-एनसीआर

दिल्ली में मौसम हुआ चुनावी तो प्रियंका और राहुल गांधी नई यात्रा पर, महू में जय भीम-बापू

दिल्ली: एक ओर आज चुनावों की तारीखों का ऐलान हो गया है, तो वहीं दूसरी ओर राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के नेतृत्व में जय-बापू जय-भीम संविधान यात्रा निकाले जाने की तैयारियां शुरू हो गई हैं. 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस के अवसर पर राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा और मल्लिकार्जुन खड़गे समेत मध्यप्रदेश कांग्रेस के तमाम नेता अंबेडकर की जन्मस्थली महू से ये यात्रा शुरू कर सकते हैं.

माना जा रहा है कि जय बापू-जय भीम-संविधान यात्रा के जरिए कांग्रेस मध्यप्रदेश में भाजपा को घेरेने के साथ-साथ दिल्ली चुनाव में अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश करेगी. कांग्रेस डॉ. भीमराव अंबेडकर को लेकर गृहमंत्री अमित शाह के बयान को मुद्दा बनाकर आगे बढ़ेगी. इस यात्रा के जरिए कांग्रेस मोदी सरकार की नीतियों का विरोध करेगी और दिल्ली चुनाव में अपने पक्ष में माहौल बनाने पर फोकस करेगी.

मध्यप्रदेश कांग्रेस से प्राप्त जानकारी के अनुसार राहुल गांधी 25 या 26 जनवरी को दिल्ली से इंदौर पहुंच सकते हैं. उनके साथ प्रियंका गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे भी होंगे. वे इंदौर से महू पहुंचकर एक बड़ी सभा को संबोधित करेंगे, इसके बाद यात्रा की शुरुआत होगी. कांग्रेस ने तय किया है कि यात्रा के दौरान बीजेपी द्वारा संविधान के अपमान को जनता के सामने रखा जाएगा.

कांग्रेस जय-बापू जय-भीम संविधान यात्रा के जरिए भाजपा को घेरने की जमकर तैयारी में हैं. भाजपा के खिलाफ जय भीम यात्रा निकालते हुए कांग्रेस प्रदेश के हर जिले में चौपाल भी लगाएगी. इस चौपाल में महात्मा गांधी और अंबेडकर के विचार और व्यक्तित्व पर चर्चा होगी.

मध्यप्रदेश कांग्रेस मुताबिक, ” प्रदेश कांग्रेस ने राहुल गांधी के कार्यक्रम के लिए 25, 26 और 27 जनवरी में से किसी एक दिन का समय मांगा है. राहुल गांधी इनमें से किसी एक दिन यहां पहुंचकर यात्रा को हरी झंडी दिखाएंगे. प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी इसके लिए संगठन के तमाम पदाधिकारियों के साथ बैठकें ले रहे हैं और तैयारियां जोरों पर हैं ”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *