उत्तराखंड: चारधाम यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है. यहां अब तक 11 लाख भक्त दर्शन करने के लिए पहुंच चुके हैं. यात्रा शुरु होने के महज 14 दिनों के भीतर ही यानी 24 मई तक यहां 10 लाख श्रद्धालु दर्शन कर चुके थे. इसके अलावा अब तक 31 लाख श्रद्धालु चारधाम यात्रा के लिये ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करवा चुके हैं. इसमें सबसे ज्यादा संख्या केदरानाथ में दर्शन करने पहुंचने वालों की है.
चार धाम यात्रा में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है. यहां बीते दिनों लोगों को जाम जैसी स्थित पैदा हो जाने के कारण कई समस्याओं का सामना करना पड़ा था. ऐसे में श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के आदेश पर 31 मई तक ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन को बंद कर दिया गया. हालांकि अब उम्मीद की जा रही है कि 31 मई के बाद चारधाम यात्रा के लिए ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन शुरू हो सकता है.
चार धाम यात्रा में 25 मई तक 11 लाख श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं. इसमें सबसे ज्यादा संख्या में भक्त बाबा केदार के दरबार पहुंचे. यहां 4 लाख 67 हजार श्रद्धालु दर्शन करने पहुंचे. तो वहीं, बद्रीनाथ में ढाई लाख श्रद्धालुओं ने दर्शन कर लिये हैं. इसके अलावा यमुनोत्री में एक लाख 97 हजार और गंगोत्री में 1 लाख 91 हजार श्रद्धालुओं ने दर्शन किये.
चार धाम यात्रा में अब तक 52 लोगों की मौत हो चुकी है. इनमें से ज्यादा लोग 60 साल के ऊपर के थे जिनकी हार्टअटैक वजह से मौत हो गई. गंगोत्री में अब तक 3 लोगों की मौत, यमुनोत्री में 12, बद्रीनाथ में 14 और केदारनाथ धाम में अब तक 23 श्रद्धालुओं की मौत हो चुकी है. हालांकि प्रशासन की तरफ से श्रद्धालुओं की नियमित स्क्रीनिंग की जा रही है. जो अस्वस्थ्य हैं उन्हें यात्रा न करने की सलाह दी जा रही है. इसके बावजूद भी कोई यात्रा पर जा रहा है, तो उससे लिखित फॉर्म भरवाया जा रहा है.

