उत्तराखंड: लोगों को बढ़ता तापमान खासा परेशान करने जा रहा है. राज्य के मैदानी जिलों में जहां तापमान 40 डिग्री तक पहुंच चुका है, वहीं आने वाले दिनों में तापमान के 42 डिग्री तक पहुंचने का अनुमान है. खास बात यह है कि फिलहाल राज्य में गर्मी को लेकर लोगों को किसी भी तरह की राहत मिलती हुई नहीं दिखाई दे रही है. ऐसे में मौसम विभाग भी लोगों को गर्मी को लेकर विशेष एहतियात बरतने की सलाह दे रहा है.
उत्तराखंड के मैदानी जिले इन दिनों गर्मी से तप रहे हैं. पर्वतीय जनपदों में भी सामान्य से अधिक तापमान कुछ जगहों पर परेशानी बढ़ा रहा है. उधर मौसम विभाग ने नई भविष्यवाणी करते हुए आने वाले दिनों में भी लोगों की दिक्कतें इसी तरह से जारी रहने की बात कही है. मौसम विभाग की मानें तो प्रदेश में तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक रहेगा, जिससे लोगों को हीट वेव की स्थिति से गुजरना पड़ेगा. यह हालत प्रदेश के मैदानी जिलों में होगी और आने वाले तीन से चार दिनों तक इसी तरह तापमान बढ़ते हुए नजर आएगा. हालांकि पहले ही उत्तराखंड के मैदानी जिलों में तापमान बेहद ज्यादा हो चुका है और इस बार मई महीने के तीसरे सप्ताह में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस को क्रॉस कर चुका है.
Weather Forecast/Warning for Uttarakhand dated 16.05.2024 pic.twitter.com/We2PYClsub
— Meteorological Centre Dehradun (@mcdehradun) May 16, 2024
प्रदेश में आने वाले दिनों में जहां तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान लगाया जा रहा है, तो पर्वतीय जनपद भी इससे प्रभावित होते हुए दिखाई देंगे. मौसम विभाग की मानें तो मैदानी जिलों से लगते हुए पर्वतीय जिलों में भी इसका असर दिखाई देगा. नैनीताल, पौड़ी और देहरादून जैसे जिलों में भी तापमान सामान्य से अधिक रिकार्ड किया जाएगा. मौसम विभाग ने साफ कर दिया है कि इन हालातों में लोगों को गर्मी से बचने के लिए विशेष एहतियात बरतने की जरूरत है.
मौसम विभाग ने आम लोगों के लिए गर्मी को लेकर एडवाइजरी जारी करते हुए कहा है कि गर्मी से बचने के लिए लोगों को विशेष एहतियात बरतना चाहिए. खासतौर पर दिन के समय लोगों को ज्यादा से ज्यादा पानी पीने से लेकर बाहर निकलते वक्त शरीर को कपड़ों से ढककर ही जाने की सलाह दी गई है. एकदम ठंडे से गरम और गरम से ठंडे में जाने से बचने की सलाह दी गई है.

