उत्तराखंड: केदारनाथ यात्रा मेंं श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट मोड पर है. केदारनाथ यात्रा को सिरोबगड़ से लेकर सोनप्रयाग तक 07 सेक्टर बनाए गए हैं और गौरीकुंड से केदारनाथ ट्रैक रूट को 07 सेक्टरों में विभाजित किया गया है.
सीतापुर व सोनप्रयाग पार्किंग के अलावा 07 नई पार्किंग तैयार की गई हैं. केदारनाथ यात्रा को सुव्यवस्थित ढंग से संचालित करने के लिए ट्रैक रूट पर 16 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं जिनका पूरा डिस्प्ले कंट्रोल रूम से कड़ी निगरानी रखी जा रही है. यात्रा का मैनेज करने के लिए पूरे जिले में 65 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं.
यात्रा की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए सचिव गृह दिलीप जावलकर ने जिला प्रशासन के साथ समीक्षा की. सचिव गृह ने जिलाधिकारी सौरभ गहरवार और पुलिस अधीक्षक विशाखा अशोक भदाणे के साथ तैयारियों की समीक्षा की. सचिव गृह ने जिलाधिकारी को निर्देश दिए कि तीर्थ यात्रियों को सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हों इसके लिए उचित प्रबंधन किए जाएं ताकि तीर्थ यात्रियों को किसी भी प्रकार की कोई समस्या का सामना न करना पड़े.
उन्होंने कहा कि केदारनाथ धाम में सभी तीर्थ यात्रियों को दर्शन की उचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए. यात्रा मार्ग के संवेदनशील क्षेत्रों एवं स्लाइडिंग जोन में सुरक्षा बलों के साथ उचित प्रबंधन किया जाए ताकि तीर्थ यात्रियों को किसी असुविधा का सामना न करना पड़े.

