दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को महावीर जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय राजधानी के भारत मंडपम में 2550वें भगवान महावीर निर्वाण महोत्सव का उद्घाटन किया. इससे पहले, पीएम मोदी ने लोगों को महावीर जयंती की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भगवान महावीर का शांति और सद्भावना का संदेश ‘विकसित भारत’ के निर्माण में देश के लिए प्रेरणा है.
भारत मंडपम में महावीर जयंती के अवसर पर 2550वें भगवान महावीर निर्वाण महोत्सव के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जोरदार अभिनंदन किया गया. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत मंडपम में महावीर जयंती के अवसर पर 2550वें भगवान महावीर निर्वाण महोत्सव के उद्घाटन पर एक स्मारक टिकट और सिक्का जारी किया.
महावीर जयंती के पावन अवसर पर देश के समस्त परिवारजनों को मेरी अनंत शुभकामनाएं। शांति, संयम और सद्भावना से जुड़े भगवान महावीर के संदेश विकसित भारत के निर्माण में देश के लिए प्रेरणापुंज हैं।
— Narendra Modi (@narendramodi) April 21, 2024
भगवान महावीर निर्वाण महोत्सव को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, भारत मंडपम आज भगवान महावीर के 2550वें निर्वाण महोत्सव की शुरुआत का गवाह बन रहा है. उन्होंने कहा, मैं महावीर जयंती के अवसर पर देश के लोगों को शुभकामनाएं देता हूं. चुनाव की हलचल के दौरान इस तरह के कार्यक्रम का हिस्सा बनना सुखद है.
भगवान महावीर निर्वाण महोत्सव को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा आज संघर्ष में फंसी दुनिया भारत से शांति की उम्मीद कर रही है. नए भारत की इस नई भूमिका का श्रेय हमारी बढ़ती क्षमता और विदेश नीति को दिया जा रहा है. उन्होंने आगे कहा, मैं आपको बताना चाहता हूं, हमारी सांस्कृतिक छवि का इसमें बहुत बड़ा योगदान है. आज भारत इस भूमिका में आया है क्योंकि हम वैश्विक मंचों पर सत्य और अहिंसा को पूरे विश्वास के साथ रखते हैं और दुनिया को वैश्विक संकटों का समाधान बताते हैं संघर्ष भारत की प्राचीन संस्कृति में, भारत की प्राचीन परंपरा में निहित है, इसलिए आज भारत विरोध में बंटे विश्व के लिए विश्व मित्र के रूप में अपनी जगह बना रहा है.

