दिल्लीः भूटान की दो दिवसीय राजकीय दौरे के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार सुबह दिल्ली से रवाना हो गए. हालांकि पीएम मोदी को बीते गुरुवार को ही रवाना होना था. लेकिन खराब मौसम के चलते यात्रा स्थगित करनी पड़ी थी. पीएम मोदी यात्रा के दौरान भूटान नरेश जिग्मे खेसर नामग्याल वांगचुक और उनके पिता जिग्मे सिंग्ये वांगचुक से मुलाकात करेंगे. प्रधानमंत्री कार्यालय ने बुधवार को एक बयान में यह जानकारी दी थी.
पीएमओ ने कहा कि यह यात्रा भारत और भूटान के बीच नियमित रूप से होने वाली उच्चस्तरीय आदान-प्रदान की परंपरा और सरकार की ‘पड़ोसी प्रथम की नीति’ पर जोर देने की कवायद के अनुरूप है. इस यात्रा के दौरान, प्रधानमंत्री भूटान के नरेश जिग्मे खेसर नामग्याल वांगचुक और भूटान के चौथे नरेश जिग्मे सिंग्ये वांगचुक से मुलाकात करेंगे. प्रधानमंत्री भूटान के अपने समकक्ष शेरिंग टोबगे के साथ भी बातचीत करेंगे.
#WATCH | Delhi: Prime Minister Narendra Modi departed for Bhutan this morning.
The Prime Minister will be on a state visit to Bhutan on March 22-23. pic.twitter.com/RMwI9CiJtN
— ANI (@ANI) March 22, 2024
पीएमओ ने कहा कि भारत और भूटान के बीच आपसी विश्वास, समझ एवं सद्भावना पर आधारित एक अनूठी व स्थायी साझेदारी है. उसने कहा, ‘हमारी साझी आध्यात्मिक विरासत और दोनों देशों के लोगों के बीच मधुर संबंध हमारे असाधारण संबंधों में घनिष्ठता एवं जीवंतता का समावेश करते हैं.’ पीएमओ ने कहा कि यह यात्रा दोनों पक्षों को पारस्परिक हित के द्विपक्षीय एवं क्षेत्रीय मामलों पर विचारों का आदान-प्रदान करने और दोनों देशों के लोगों के लाभ के लिए हमारी अनुकरणीय साझेदारी को विस्तारित एवं मजबूत करने के तौर-तरीकों पर विचार-विमर्श करने का अवसर प्रदान करेगी.

